Home » बिज़नेस » अहमदाबाद में एयर इंडिया प्लेन क्रैश का असर: टाटा मोटर्स, टाइटन समेत टाटा ग्रुप के प्रमुख शेयरों में भारी गिरावट

अहमदाबाद में एयर इंडिया प्लेन क्रैश का असर: टाटा मोटर्स, टाइटन समेत टाटा ग्रुप के प्रमुख शेयरों में भारी गिरावट

गुजरात के अहमदाबाद में गुरुवार दोपहर एक बड़ा विमान हादसा हुआ। एयर इंडिया का विमान, जो अहमदाबाद से लंदन जा रहा था, दोपहर 1:10 बजे टेकऑफ के कुछ ही मिनटों बाद क्रैश हो गया। टाटा ग्रुप की एयरलाइन कंपनी एयर इंडिया से जुड़ी इस दुर्घटना का असर शेयर बाजार पर भी देखने को मिला है। सेंसेक्स में शामिल टाटा ग्रुप की प्रमुख कंपनियों—टाटा मोटर्स, टाइटन, टाटा स्टील और टीसीएस—के शेयरों में भारी गिरावट दर्ज की गई है।

एविएशन कंपनियों के शेयरों में गिरावट जारी
गुरुवार दोपहर करीब 3:10 बजे बीएसई पर टाटा ग्रुप और एविएशन सेक्टर की कई बड़ी कंपनियों के शेयरों में गिरावट देखने को मिली। टाटा मोटर्स के शेयर 2.75% टूटकर 716.00 रुपये, टाइटन के शेयर 2.39% गिरकर 3456.00 रुपये, टाटा स्टील 2.17% गिरकर 152.95 रुपये और टीसीएस के शेयर 1.11% की गिरावट के साथ 3433.50 रुपये पर कारोबार कर रहे थे।
इसके अलावा, देश की प्रमुख एविएशन कंपनियों पर भी इस हादसे का असर पड़ा। इंडिगो (इंटरग्लोब एविएशन) के शेयर 2.36% यानी 133.20 रुपये टूटकर 5499.50 रुपये पर पहुंच गए, जबकि स्पाइसजेट के शेयर 1.06% यानी 0.48 रुपये गिरकर 45.01 रुपये पर ट्रेड कर रहे थे।

हादसे का शिकार हुआ बोइंग 787-8 विमान
गुरुवार को क्रैश हुई एयर इंडिया की फ्लाइट AI171 एक बोइंग 787-8 विमान थी। इस प्रकार के विमान में बिजनेस और इकोनॉमी क्लास मिलाकर कुल 254 से 267 सीटें होती हैं। यह फ्लाइट अहमदाबाद से दोपहर 1:10 बजे लंदन के गैटविक एयरपोर्ट के लिए रवाना हुई थी और उसे 10:45 बजे लैंड करना था। लेकिन उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद विमान क्रैश हो गया। हादसे के वक्त विमान में 12 क्रू मेंबर्स और 230 यात्री यानी कुल 242 लोग सवार थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, विमान में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी यात्रा कर रहे थे।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This