अगर आप रामनगरी अयोध्या जाने की योजना बना रहे हैं तो आपके लिए एक अच्छी खबर है। अब वंदे भारत ट्रेन में कन्फर्म टिकट मिलना पहले से आसान हो गया है। अयोध्या जाने वाले तीर्थ यात्रियों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने आनंद विहार से अयोध्या के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस में बोगियों की संख्या बढ़ाने का फैसला लिया है। यह निर्णय आज से लागू कर दिया गया है। जानकारी के मुताबिक, मंगलवार से इस ट्रेन में चार अतिरिक्त बोगियां जोड़ी जाएंगी, जिससे कुल बोगियों की संख्या बढ़कर 20 हो जाएगी।
अब आनंद विहार-अयोध्या वंदे भारत एक्सप्रेस में सफर और सुविधाजनक हो गया है। पहले तक इस ट्रेन में कुल 16 बोगियां होती थीं, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 20 कर दिया गया है। ट्रेन संख्या 22425/22426 अयोध्या कैंट–आनंद विहार वंदे भारत एक्सप्रेस सप्ताह में छह दिन (बुधवार को छोड़कर) अयोध्या कैंट और आनंद विहार टर्मिनल के बीच चलती है। यह ट्रेन 629 किलोमीटर की दूरी महज 8 घंटे 20 मिनट में तय करती है, जिससे तीर्थयात्रियों और आम यात्रियों दोनों के लिए यह एक सुविधाजनक विकल्प बन गई है।
हैदराबाद-बेंगलुरु वंदे भारत में भी सीटों की संख्या बढ़ी
दक्षिण मध्य रेलवे (SCR) ने भी यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए काचेगुड़ा–यशवंतपुर–काचेगुड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस में अतिरिक्त कोच जोड़ने का निर्णय लिया है। अब तक यह ट्रेन 8 कोचों के साथ चल रही थी, जिसमें कुल 530 यात्रियों की क्षमता थी। लेकिन 10 जुलाई से इसमें 8 अतिरिक्त कोच जोड़कर इसे 16 कोचों का बना दिया जाएगा, जिससे अब कुल 1,128 यात्री एक साथ यात्रा कर सकेंगे।
ट्रेन संख्या 20703/20704 काचेगुड़ा–यशवंतपुर वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत एक एक्जीक्यूटिव क्लास और सात चेयर कार कोच के साथ हुई थी। नियमित सेवा शुरू होने के बाद से ही यह ट्रेन लगातार 100 प्रतिशत से अधिक बुकिंग के साथ चल रही थी। नए बदलाव के तहत अब इसमें 14 चेयर कार कोच होंगे, जिनमें 1,024 यात्रियों की क्षमता होगी, और 2 एक्जीक्यूटिव क्लास कोच होंगे, जिनमें 104 यात्री सफर कर सकेंगे। इस प्रकार अब कुल क्षमता 1,128 यात्रियों की हो गई है।
रेलवे का यह कदम यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के साथ-साथ वंदे भारत ट्रेनों की लोकप्रियता और उपयोगिता को और मजबूत करता है।






