इंदौर में 48 घंटे के भीतर कोरोना से तीन महिलाओं की मौत, स्वास्थ्य विभाग ने दी जानकारी
मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में कोरोना संक्रमण एक बार फिर चिंता बढ़ा रहा है। रविवार और सोमवार के बीच 48 घंटों के भीतर कोरोना वायरस से संक्रमित तीन महिलाओं की मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इन महिलाओं को पहले से ही गंभीर बीमारियां थीं, जो उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता को कमजोर कर चुकी थीं।
क्या थी मृतक महिलाओं की उम्र?
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. माधव प्रसाद हासानी ने जानकारी दी कि 64 और 55 वर्ष की दो महिलाओं की मौत 6 जुलाई (रविवार) को हुई, जबकि 50 वर्ष की एक महिला ने 7 जुलाई (सोमवार) को दम तोड़ा। सभी महिलाओं की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव थी।
पहले से थी गंभीर बीमारियां
डॉ. हासानी ने बताया कि तीनों महिलाएं पहले से ही रक्त कैंसर, टीबी, मधुमेह और थायरॉयड जैसी गंभीर बीमारियों से पीड़ित थीं। इसी कारण उनकी इम्यूनिटी काफी कमजोर हो चुकी थी, जिससे संक्रमण घातक साबित हुआ।
घबराने की जरूरत नहीं, हालात नियंत्रण में
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से घबराने की बजाय सतर्क रहने की अपील की है। CMHO ने कहा कि जिले में फिलहाल कोविड-19 के केवल सात सक्रिय मामले हैं और मंगलवार को एक भी नया केस सामने नहीं आया है।
अब तक कितने मामले सामने आए?
डॉ. हासानी के मुताबिक, जनवरी 2025 से अब तक जिले में कुल 187 कोरोना मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें से चार मरीजों की मौत हो चुकी है। इस साल की पहली कोविड से मौत 21 अप्रैल को हुई थी, जब 74 वर्षीय महिला ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ा था। वह महिला किडनी की गंभीर बीमारी से पहले से ग्रसित थीं।
स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और लोगों को मास्क, सोशल डिस्टेंसिंग और साफ-सफाई जैसे मूल उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।






