Home » देश » उत्तराखंड में अगले दो दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में भी चेतावनी, जबकि यूपी-बिहार में मौसम से राहत

उत्तराखंड में अगले दो दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में भी चेतावनी, जबकि यूपी-बिहार में मौसम से राहत

मौसम विभाग ने गुरुवार को उत्तराखंड में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। आईएमडी ने छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और कर्नाटक के लिए भी ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है। वहीं, उत्तर प्रदेश और बिहार में मौसम सामान्य रहने के आसार हैं। बाकी राज्यों के लिए बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

आईएमडी के मुताबिक कर्नाटक के तटीय हिस्सों और महाराष्ट्र के मध्य क्षेत्र में भारी बारिश हो सकती है। इन इलाकों में विशेष चेतावनी दी गई है। उत्तराखंड के लिए गुरुवार और शुक्रवार को अलर्ट जारी किया गया है, जिसके चलते प्रशासन सतर्क मोड पर है। हाल के दिनों में उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश से काफी तबाही हुई है।

हिमाचल: मणिमहेश यात्रा पर संकट, हजारों श्रद्धालु फंसे

हिमाचल प्रदेश के चंबा में मणिमहेश यात्रा पर निकले हजारों श्रद्धालु बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों के कारण अलग-अलग जगहों पर फंसे हुए हैं। खराब मौसम को देखते हुए यह यात्रा सोमवार को स्थगित कर दी गई थी। स्थानीय विधायकों ने बताया कि मोबाइल नेटवर्क ठप होने से श्रद्धालुओं के परिजन उनकी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। राज्य सरकार ने विधानसभा में बताया कि श्रद्धालुओं को निकालने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। यात्रा 17 अगस्त से शुरू हुई थी और 15 सितंबर तक चलेगी। चंबा व भरमौर क्षेत्र सहित अन्य हिस्सों में लगभग 10 हजार तीर्थयात्री फंसे हैं।

584 सड़कें बंद, करोड़ों का नुकसान

हिमाचल प्रदेश के 12 में से 10 जिलों में 584 सड़कें बंद हैं। इनमें 259 सड़कें मंडी जिले और 167 कुल्लू जिले में हैं। बिजली के 1155 ट्रांसफार्मर और 346 जलापूर्ति योजनाएं बाधित हैं। स्थानीय मौसम विभाग ने रविवार तक राज्य के कई जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। 20 जून से 26 अगस्त के बीच राज्य में बारिश से जुड़ी घटनाओं में 158 लोगों की मौत और 38 लोगों के लापता होने की पुष्टि हुई है। इसी दौरान 90 फ्लैश फ्लड, 42 बादल फटने और 85 बड़े भूस्खलन की घटनाएं हुईं, जिनसे राज्य को करीब 2,623 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।

कर्नाटक: तटीय जिलों में भारी बारिश

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु और कई अन्य हिस्सों में बुधवार को तेज बारिश हुई, जिससे जगह-जगह जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी। तटीय जिले दक्षिण कन्नड़, उडुपी और उत्तर कन्नड़ में भारी बारिश दर्ज की गई, जिसके चलते आईएमडी ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने 29 अगस्त तक तटीय, मालनाड, उत्तरी आंतरिक और दक्षिणी आंतरिक क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना जताई है।

दिल्ली: बारिश के बाद सतर्कता

दिल्ली के कई हिस्सों में बुधवार को बारिश हुई। आईएमडी ने आगे भी बारिश के आसार जताए हैं और चेतावनी दी है कि इससे यातायात, फसलों और कमजोर संरचनाओं को नुकसान हो सकता है। विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि अधिक बारिश के समय घरों के भीतर रहें, खिड़कियां-दरवाजे बंद रखें, पेड़ों के नीचे शरण न लें और बिजली के खंभों या खुले तारों से दूर रहें। सीपीसीबी के अनुसार बुधवार को दिल्ली का एक्यूआई 71 दर्ज किया गया, यानी हवा की गुणवत्ता सामान्य रही।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This