मॉस्को में जयशंकर-लावरोव की मुलाकात, रणनीतिक साझेदारी पर हुई चर्चा
विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने मॉस्को दौरे के तीसरे दिन रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से मुलाकात की। इस बैठक में भारत और रूस के बीच रणनीतिक साझेदारी को नए आयाम देने और द्विपक्षीय सहयोग को और गहरा करने पर चर्चा हुई। जयशंकर ने इससे एक दिन पहले रूस के प्रथम उप-प्रधानमंत्री डेनिस मंतुरोव से भी अहम वार्ता की थी।
बदलती भू-राजनीति पर जयशंकर का जोर
जयशंकर ने बैठक के दौरान कहा कि यह मुलाकात भारत-रूस के राजनीतिक संबंधों और द्विपक्षीय सहयोग पर विचार-विमर्श का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने बताया कि दोनों देश वर्ष के अंत में होने वाले वार्षिक शिखर सम्मेलन की तैयारी कर रहे हैं और इस दिशा में अधिकतम परिणाम सुनिश्चित करने पर काम हो रहा है।
उन्होंने कहा, “हमारी चर्चा वैश्विक भू-राजनीतिक परिवर्तनों, बदलते आर्थिक और व्यापारिक परिदृश्य तथा हमारी साझा प्राथमिकता — एक-दूसरे की क्षमताओं का अधिकतम उपयोग — पर केंद्रित रही।”
लावरोव ने बहुध्रुवीय व्यवस्था को बताया अहम
रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने बैठक को फलदायी बताते हुए कहा कि आज अंतरराष्ट्रीय संबंध बहुध्रुवीय व्यवस्था की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने शंघाई सहयोग संगठन (SCO), ब्रिक्स (BRICS) और जी20 (G20) की बढ़ती भूमिका का उल्लेख करते हुए विश्वास जताया कि भारत और रूस के बीच सहयोग इस परिप्रेक्ष्य में और मजबूत होगा।






