तिरुवनंतपुरम से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI2455 रविवार रात तकनीकी खराबी और खराब मौसम के कारण चेन्नई डायवर्ट की गई। एयरबस ए320 विमान में 5 सांसदों सहित सैकड़ों यात्री सवार थे। फ्लाइटराडार24 के अनुसार, विमान ने रात 8 बजे के बाद उड़ान भरी और करीब 10:35 बजे चेन्नई पहुंचा। इस उड़ान में कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल, कोडिक्कुनिल सुरेश, अडूर प्रकाश, के. राधाकृष्णन और रॉबर्ट ब्रूस भी थे।
केसी वेणुगोपाल का बयान – “हम बाल-बाल बचे”
लैंडिंग के बाद केसी वेणुगोपाल ने इसे बड़ी दुर्घटना से बचने का मामला बताते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर विस्तृत अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि उड़ान में देरी के बाद टेकऑफ़ हुआ, लेकिन जल्द ही तेज झटके महसूस हुए। करीब एक घंटे बाद पायलट ने तकनीकी खराबी और खराब मौसम की वजह से चेन्नई डायवर्ट करने की घोषणा की।
चेन्नई एयरपोर्ट पर दो घंटे तक विमान हवा में मंडराता रहा। पहली लैंडिंग की कोशिश के दौरान पायलट को विमान फिर ऊपर उठाना पड़ा, जिससे यात्रियों में डर का माहौल बन गया। दूसरी कोशिश में विमान सुरक्षित उतरा। वेणुगोपाल ने कहा कि पायलट की सूझबूझ और किस्मत से सभी की जान बची, लेकिन यात्रियों की सुरक्षा केवल भाग्य पर नहीं छोड़ी जा सकती। उन्होंने DGCA और नागरिक उड्डयन मंत्रालय से घटना की तत्काल जांच और जिम्मेदारी तय करने की मांग की।
एयर इंडिया की सफाई
एयर इंडिया ने X पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि फ्लाइट को डायवर्ट करना महज़ एक एहतियाती कदम था। विमान में तकनीकी समस्या और खराब मौसम की वजह से यह फैसला लिया गया। पहली लैंडिंग की कोशिश के दौरान चेन्नई एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने गो-अराउंड का निर्देश दिया था, जो रनवे पर किसी अन्य विमान के होने के कारण नहीं था।






