Home » ताजा खबर » कफ सिरप कांड: सीएम मोहन ने डिप्टी ड्रग कंट्रोलर और इंस्पेक्टर को निलंबित किया, कांग्रेस बोली—‘याद आया एंडरसन प्रकरण’

कफ सिरप कांड: सीएम मोहन ने डिप्टी ड्रग कंट्रोलर और इंस्पेक्टर को निलंबित किया, कांग्रेस बोली—‘याद आया एंडरसन प्रकरण’

मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में कफ सिरप पीने से किडनी फेलियर के कारण अब तक 14 बच्चों की मौत हो चुकी है। इस दर्दनाक घटना के बाद सरकार ने शनिवार को ‘कोल्ड्रिफ’ सिरप की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया था। अब मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस मामले में सख्त रुख अपनाते हुए प्रदेश के ड्रग कंट्रोलर को पद से हटा दिया, वहीं डिप्टी ड्रग कंट्रोलर और ड्रग इंस्पेक्टर को सस्पेंड कर दिया है।

सीएम मोहन यादव बोले — “जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई”

सीएम ने कहा,

“कफ सिरप की वजह से बच्चों की दुखद मृत्यु हुई है। मैं खुद छिंदवाड़ा के परासिया के न्यूटन गांव में गया था। जैसे ही घटना की जानकारी मिली, प्रशासन ने तुरंत राहत और सहायता कार्य शुरू किया।
हमने ड्रग कंट्रोलर को पद से हटाने, डिप्टी ड्रग कंट्रोलर और इंस्पेक्टर को सस्पेंड करने का निर्णय लिया है। जिस कंपनी से यह सिरप आया है, उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई है। तमिलनाडु सरकार से कहा गया है कि इस पर कठोर कदम उठाए जाएं, और उन्होंने सभी उत्पादों पर प्रतिबंध लगा दिया है।
फैक्ट्री में सिरप का उत्पादन अमानक स्थिति में हो रहा था, जिसकी जानकारी मिलने पर तुरंत कार्रवाई की गई है।”

“हर दवाई फैक्ट्री की होगी जांच”

सीएम ने आगे कहा,

“राज्य में अब हर दवाई फैक्ट्री की रेंडम जांच होगी। किसी भी राज्य से दवा आए, लेकिन हमारे अधिकारी भी उस पर निगरानी रखें। सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है, और हर संभव मदद की जाएगी।”

कांग्रेस पर सीएम का पलटवार

कांग्रेस के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए मोहन यादव ने कहा,

“कांग्रेस के पास अब सिर्फ आरोप लगाने का काम रह गया है। याद रहे, कांग्रेस ने ही एंडरसन जैसे व्यक्ति को भगाने का पाप किया था — जिसके सिर पर 10,000 लोगों की मौत का आरोप था।
40 साल बीत गए, कांग्रेस ने कभी संवेदनशीलता नहीं दिखाई। अब सत्ता पाने की कोशिश में हल्के हथकंडे अपना रही है, लेकिन ये हथकंडे चलने वाले नहीं हैं।”

कमलनाथ परिवार पर भी साधा निशाना

सीएम यादव ने कहा,

“कांग्रेस को संवेदनशीलता दिखाते हुए नाथ परिवार को भी इस घटना को लेकर चिंता करनी चाहिए। वे वर्षों तक इस क्षेत्र से जुड़े रहे हैं, अब उन्हें भी आगे आना चाहिए। कांग्रेस को अपना चरित्र देखना चाहिए।”

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This