भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पर किसानों का अपमान करने का आरोप लगाया है। मामला कर्नाटक के बाढ़ प्रभावित जिले कलबुर्गी का है, जहां खरगे और एक किसान के बीच हुई बातचीत का वीडियो सामने आया है। भाजपा नेता प्रदीप भंडारी ने यह वीडियो साझा कर कांग्रेस और खरगे पर तीखा हमला बोला है।
वीडियो में क्या दिखा?
वीडियो में खरगे एक किसान से पूछते हैं, “तुमने कितने एकड़ में बोया है?” किसान जवाब देता है, “चार एकड़।” इस पर खरगे कहते हैं, “मेरा 40 एकड़ है। मेरा हाल तुमसे भी खराब है। तुम आकर मुझे समझा रहे हो, लेकिन मेरी फसल का नुकसान कहीं ज्यादा है। प्रचार के लिए मेरे पास मत आओ। मुझे पहले से पता है कि मूंग, उड़द और अरहर की फसल पूरी तरह बर्बाद हो चुकी है। तुम इसे सहन कर सकते हो, लेकिन हम नहीं, क्योंकि हमारा नुकसान बहुत बड़ा है। जाकर मोदी और शाह से पूछो।”
भाजपा का पलटवार
इस वीडियो के सामने आने के बाद भाजपा ने कांग्रेस पर किसानों का अपमान करने का आरोप लगाया। पार्टी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने ट्वीट कर लिखा, “कांग्रेस किसानों का अपमान करती है! जो किसान खरगे के पास मदद की उम्मीद से गए, उन्हें डांटकर भगा दिया गया और कहा गया कि प्रचार के लिए मत आओ। आखिर कांग्रेस और राहुल गांधी किसानों से इतनी नफरत क्यों करते हैं?”






