Home » Uncategorized » कृषि मंत्री शिवराज ने पंजाब में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया दौरा, राज्यपाल ने सौंपी स्थिति रिपोर्ट

कृषि मंत्री शिवराज ने पंजाब में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया दौरा, राज्यपाल ने सौंपी स्थिति रिपोर्ट

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पंजाब में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया, किसानों को हरसंभव मदद का आश्वासन

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को पंजाब के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया और किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। अमृतसर पहुंचने पर पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उन्हें बाढ़ की स्थिति पर विस्तृत रिपोर्ट सौंपी। राज्यपाल ने अमृतसर, पठानकोट, गुरदासपुर, तरनतारन और फिरोजपुर जिलों के दौरे का हवाला देते हुए बाढ़ से हुई तबाही और राहत कार्यों की जानकारी दी।

किसानों से सीधी बातचीत

केंद्रीय मंत्री ने भाजपा पंजाब अध्यक्ष सुनील जाखड़ और वरिष्ठ नेता तरुण चुघ के साथ अजनाला क्षेत्र का दौरा किया। यहां उन्होंने किसानों से मुलाकात की, जिनमें से कई ने उन्हें अपनी बर्बाद हुई फसल दिखाई। चौहान ने किसानों को भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार उनकी हरसंभव मदद करेगी।

पंजाब सरकार ने रखी मांग

इस दौरान पंजाब के कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां और विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने केंद्रीय मंत्री को ज्ञापन सौंपा। इसमें अजनाला क्षेत्र में हुए नुकसान की भरपाई के लिए पहले चरण में 2,000 करोड़ रुपये की सहायता और राज्य के लंबित 60,000 करोड़ रुपये जारी करने की मांग की गई।

बाढ़ का बढ़ता संकट

पंजाब इन दिनों दशकों की सबसे भीषण बाढ़ से जूझ रहा है। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश के कारण सतलुज, व्यास और रावी नदियां उफान पर हैं। अधिकारियों के मुताबिक, अब तक 37 लोगों की मौत हो चुकी है और 3.55 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। इसके अलावा, करीब 1.75 लाख हेक्टेयर फसल पूरी तरह बर्बाद हो चुकी है।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This