Home » ताजा खबर » **गुजरात में बना नया वर्ल्ड रिकॉर्ड — लोगों ने पीएम मोदी के नाम लिखे हजारों पोस्टकार्ड**

**गुजरात में बना नया वर्ल्ड रिकॉर्ड — लोगों ने पीएम मोदी के नाम लिखे हजारों पोस्टकार्ड**

गुजरात ने रचा इतिहास: पीएम मोदी को लिखे 1.11 करोड़ पोस्टकार्ड, बना वर्ल्ड रिकॉर्ड

अहमदाबाद: गुजरात के सहकारी क्षेत्र से जुड़े 1.11 करोड़ से अधिक लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देने के लिए पोस्टकार्ड लिखकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बना डाला। यह ऐतिहासिक उपलब्धि मंगलवार को अहमदाबाद के साबरमती रिवरफ्रंट पर दर्ज की गई, जहां गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड टीम ने इस रिकॉर्ड का प्रमाणपत्र सौंपा।

गुजरात सरकार के कृषि, किसान कल्याण और सहकारिता विभाग की पहल पर शुरू हुए इस अभियान में कुल 1,11,75,000 पोस्टकार्ड लिखे गए। इनमें लोगों ने पीएम मोदी को GST सुधारों समेत किसानों और सहकारी क्षेत्र के हित में उठाए गए कदमों के लिए धन्यवाद दिया। खास बात यह है कि दुनिया में पहली बार इतने बड़े पैमाने पर एक साथ इतने पोस्टकार्ड लिखे गए हैं।

गुजरातियों ने तोड़े सारे अनुमान

शुरुआती अनुमान था कि अभियान में करीब 75 लाख पोस्टकार्ड लिखे जाएंगे, लेकिन गुजरात के लोगों ने उम्मीदों को पार करते हुए 1.11 करोड़ से ज्यादा पोस्टकार्ड लिख दिए। इस उपलब्धि ने न सिर्फ भारत, बल्कि पूरी दुनिया का ध्यान खींच लिया।
गिनीज रिकॉर्ड के मुताबिक, इससे पहले यह रिकॉर्ड स्विट्जरलैंड की स्विस एजेंसी फॉर डेवलपमेंट एंड कोऑपरेशन (SDC) के नाम था, जिसने 6,666 पोस्टकार्ड के साथ यह कीर्तिमान बनाया था। गुजरात ने यह रिकॉर्ड कई गुना अंतर से तोड़ दिया।

गुजरात सरकार को मिला सम्मान

साबरमती रिवरफ्रंट पर आयोजित भव्य समारोह में गिनीज अधिकारियों ने पोस्टकार्ड गिनती पूरी होने के बाद गुजरात सरकार को आधिकारिक प्रमाणपत्र सौंपा।
प्रमाणपत्र में दर्ज है: “सबसे अधिक पोस्टकार्ड लिखने का रिकॉर्ड कृषि, किसान कल्याण और सहकारिता विभाग, गुजरात सरकार (भारत) ने 14 अक्टूबर 2025 को अहमदाबाद, गुजरात, भारत में बनाया।”

इस अभियान में राज्यभर के किसानों, मजदूरों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया — हर पोस्टकार्ड में प्रधानमंत्री मोदी के उन फैसलों के लिए आभार जताया गया, जिन्होंने सहकारी क्षेत्र और ग्रामीण विकास को नई दिशा दी है।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This