नारायणपुर: सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में 6 मारे गए, भारी मात्रा में हथियार बरामद
छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। शुक्रवार दोपहर अबूझमाड़ के घने जंगलों में हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने छह नक्सलियों को मार गिराया। पुलिस ने जानकारी दी कि क्षेत्र में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना के बाद सुरक्षाबलों ने संयुक्त ऑपरेशन चलाया था।
अबूझमाड़ में चला संयुक्त अभियान
बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी. ने बताया कि नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना के आधार पर सुरक्षाबलों की टीम को अबूझमाड़ के जंगलों में भेजा गया था। अभियान के दौरान माओवादियों से रुक-रुक कर मुठभेड़ होती रही। अब तक मुठभेड़ स्थल से छह नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं। इसके अलावा एके-47, एसएलआर राइफल, अन्य हथियार, विस्फोटक सामग्री और रोजमर्रा की वस्तुएं भी मिली हैं।
उन्होंने बताया कि अभियान अभी भी जारी है और जवानों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विस्तृत जानकारी बाद में साझा की जाएगी।
हाल ही में 22 नक्सलियों ने किया था आत्मसमर्पण
कुछ दिन पहले ही नारायणपुर जिले में 22 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया था। इनमें से आठ महिला नक्सली थीं। आत्मसमर्पण करने वालों में डिवीजनल कमेटी सदस्य मनकू कुंजाम उर्फ सुखलाल पर आठ लाख, एरिया कमेटी सदस्य हिड़मे कुंजाम, मिलिशिया कमांडर पुन्ना लाल और सनीराम कोर्राम पर पांच-पांच लाख रुपये का इनाम घोषित था।
इसके अलावा 11 नक्सलियों पर एक-एक लाख और सात पर 50-50 हजार रुपये का इनाम था। ये सभी नक्सली नारायणपुर के माड़ डिवीजन के कुतुल, नेलनार और इंद्रावती एरिया कमेटी में सक्रिय थे।
सुरक्षाबलों के इन लगातार अभियानों से क्षेत्र में माओवादियों के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।






