दिल्ली से सिंगापुर जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या AI2380 में तकनीकी दिक्कत आने के कारण यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। बुधवार रात लगभग 11 बजे उड़ान भरने वाली बोइंग 787-9 ड्रीमलाइनर विमान में केबिन तापमान और बिजली आपूर्ति प्रणाली में खराबी आ गई। इसके चलते 200 से अधिक यात्रियों को करीब दो घंटे विमान में बैठाए रखने के बाद नीचे उतार दिया गया।
एयर इंडिया का बयान
एयर इंडिया ने गुरुवार को जारी बयान में कहा कि उड़ान में प्रस्थान से पहले कूलिंग सिस्टम की समस्या के कारण देरी हुई। यात्रियों को टर्मिनल भवन में ले जाया गया और उन्हें समय-समय पर स्थिति की जानकारी दी जाती रही। एयरलाइन ने बताया कि दिल्ली एयरपोर्ट पर यात्रियों को जलपान और भोजन जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
छह घंटे देरी से भरी उड़ान
विमान बदलने के बाद फ्लाइट ने गुरुवार सुबह 05:36 बजे उड़ान भरी। यानी यात्रियों को करीब 6 घंटे की देरी का सामना करना पड़ा। एयर इंडिया ने इस असुविधा के लिए खेद जताया है।
इस घटना से जुड़े सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में यात्री विमान के अंदर गर्मी से राहत पाने के लिए अखबारों और पत्रिकाओं से हवा करते हुए दिखाई दिए।






