Home » अंतर्राष्ट्रीय » तालिबान के विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी का देवबंद दौरा क्यों है खास? जानिए धार्मिक और कूटनीतिक महत्व

तालिबान के विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी का देवबंद दौरा क्यों है खास? जानिए धार्मिक और कूटनीतिक महत्व

अफगानिस्तान के विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी शनिवार को देवबंद के दौरे पर रहेंगे। अपने इस दौरे के दौरान वे दारुल उलूम के मोहतमिम (वीसी) मुफ्ती अब्दुल कासिम नोमानी, जमीयत उलेमा-ए-हिंद के प्रमुख मौलाना अरशद मदनी और कई अन्य वरिष्ठ शिक्षकों से मुलाकात करेंगे। मुत्ताकी दारुल उलूम परिसर का दौरा करेंगे, मस्जिद में नमाज अदा करेंगे और क्लासरूम में बैठकर हदीस की पढ़ाई का अवलोकन भी करेंगे। दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक मुत्ताकी और मौलाना अरशद मदनी सहित कई शिक्षकों की तकरीर (भाषण) का कार्यक्रम तय है।

धार्मिक और कूटनीतिक दृष्टि से अहम दौरा

मुत्ताकी का यह दौरा धार्मिक और कूटनीतिक दोनों ही स्तरों पर अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यह यात्रा पाकिस्तान के उस दावे को चुनौती देती है जिसमें वह खुद को “देवबंदी विचारधारा” का संरक्षक और तालिबान का प्रमुख समर्थक बताता है। मुत्ताकी की देवबंद यात्रा से यह संकेत मिलता है कि तालिबान अपनी धार्मिक जड़ों को भारत से जोड़कर देख रहा है, न कि पाकिस्तान से। विश्लेषकों का मानना है कि यह कदम भारत के साथ धार्मिक और राजनीतिक संबंधों को मज़बूत करने की दिशा में एक रणनीतिक संकेत भी हो सकता है।

1866 में स्थापित देवबंद का दारुल उलूम इस्लामी शिक्षा का प्रमुख केंद्र माना जाता है, जिसकी शिक्षाओं ने दक्षिण एशिया में इस्लामी विचारधारा को गहराई से प्रभावित किया है।

अफगान छात्रों से गहरा संबंध

वर्तमान में दारुल उलूम में अफगानिस्तान के लगभग 15 छात्र अध्ययन कर रहे हैं। 2000 के बाद सख्त वीज़ा नियमों के चलते उनकी संख्या में कमी आई है, जबकि पहले सैकड़ों अफगानी छात्र यहां पढ़ाई के लिए आते थे।

तालिबान लंबे समय से देवबंद को अपनी धार्मिक प्रेरणा का स्रोत मानता है। यहां से पढ़े हुए छात्रों को अफगानिस्तान की मौजूदा सरकार में भी उच्च पदों पर प्राथमिकता दी जाती है।

इतिहास में भी अफगान नेताओं का देवबंद से पुराना संबंध रहा है — वर्ष 1958 में अफगानिस्तान के तत्कालीन राजा मोहम्मद जाहिर शाह ने भी दारुल उलूम का दौरा किया था। उनकी याद में आज भी संस्थान में “बाब-ए-जाहिर” नाम का एक द्वार मौजूद है।

यह यात्रा न केवल धार्मिक संबंधों का प्रतीक है, बल्कि भारत और अफगानिस्तान के बीच नई कूटनीतिक संभावनाओं के संकेत भी देती है।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This