दिल्ली के दो स्कूलों में बम की धमकी से हड़कंप, पुलिस और बम निरोधक दस्ता मौके पर तैनात
दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित नेवी स्कूल और द्वारका के सीआरपीएफ स्कूल में बम होने की सूचना से हड़कंप मच गया। यह जानकारी ई-मेल के माध्यम से भेजी गई, जिसके बाद दोनों स्कूलों में तुरंत सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई और बम निरोधक दस्ते को मौके पर भेजा गया। छात्रों और स्टाफ की सुरक्षा को देखते हुए स्कूल को खाली करा लिया गया है और पूरी इमारत की सघन तलाशी ली जा रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी दिल्ली के कई स्कूलों में इस तरह की धमकियां मिल चुकी हैं, हालांकि अब तक किसी भी मामले में कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। जांच में यह भी सामने आया है कि कई बार छात्र ही मजाक में इस तरह की ईमेल भेज देते हैं, जिससे अफरा-तफरी मच जाती है।
फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और ईमेल की स्रोत की भी छानबीन की जा रही है।






