Home » दिल्ली » दिल्ली ब्लास्ट: जांच एजेंसियों को फिदायीन हमले की आशंका, अमोनियम नाइट्रेट से हुआ धमाका — सूत्र

दिल्ली ब्लास्ट: जांच एजेंसियों को फिदायीन हमले की आशंका, अमोनियम नाइट्रेट से हुआ धमाका — सूत्र

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लाल किले के पास सोमवार शाम हुए धमाके की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। यह धमाका लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास चलती हुई i20 कार में हुआ था। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि आसपास खड़ी कई गाड़ियां चपेट में आ गईं। अब तक 11 लोगों की मौत और 29 के घायल होने की पुष्टि हुई है, जिनमें 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पहले यह सवाल उठ रहा था कि यह विस्फोट आकस्मिक हादसा है या आतंकी हमला, लेकिन अब जांच एजेंसियों को फिदायीन हमले का शक है। सूत्रों के मुताबिक, यह एक योजनाबद्ध आत्मघाती हमला हो सकता है।

कैसे हुआ धमाका?

सूत्रों के अनुसार, कार में पहले से विस्फोटक सामग्री लगाई गई थी और रिमोट या टाइमर के जरिए विस्फोट किया गया। जांच में यह भी पता चला है कि यह कार पुलवामा निवासी तारिक के नाम पर रजिस्टर थी, जिसे पुलिस ने अब हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिले हैं कि दिल्ली ब्लास्ट के तार फरीदाबाद आतंकी मॉड्यूल से जुड़े हुए हैं।
पुलिस ने कार में सवार सभी लोगों की पहचान कर ली है और अब DNA जांच के जरिए पुष्टि की जा रही है।

कार में डॉक्टर उमर मोहम्मद के सवार होने का शक

खुफिया एजेंसियों को शक है कि फरीदाबाद मॉड्यूल से जुड़ा आतंकी डॉक्टर उमर मोहम्मद इस हमले में शामिल था। वह पिछले कुछ समय से फरार चल रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि धमाके के वक्त वही i20 कार में सवार था।
अब पुलिस उस शव का DNA टेस्ट करवा रही है ताकि यह पुष्टि हो सके कि डॉ. उमर मोहम्मद ही कार में था या नहीं।

दिल्ली कैसे पहुंची थी कार?

दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल के सूत्रों ने बताया कि डॉ. उमर करीब ढाई से तीन घंटे तक पार्किंग में कार के अंदर बैठा रहा। वह एक पल के लिए भी कार से बाहर नहीं निकला। माना जा रहा है कि या तो वह किसी का इंतजार कर रहा था, या किसी निर्देश का पालन कर रहा था।
जांच में यह भी सामने आया है कि यह कार हरियाणा से बदरपुर बॉर्डर के रास्ते दिल्ली में दाखिल हुई थी।

फिलहाल, NIA और दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीमें मिलकर धमाके की हर एंगल से जांच कर रही हैं — चाहे वह आतंकी साजिश का मामला हो या स्थानीय सहयोगियों के नेटवर्क का।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This