दिल्ली में दर्दनाक हादसा: पुलिस की गाड़ी की चपेट में आया शख्स, मौके पर मौत
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ। रामकृष्ण आश्रम मेट्रो स्टेशन के पास दिल्ली पुलिस की पीसीआर वैन ने एक शख्स को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
कैसे हुआ हादसा?
मृतक की पहचान गंगाराम के रूप में हुई है, जो चाय की दुकान लगाते थे और वहीं सोते थे। गुरुवार सुबह अचानक पुलिस की गाड़ी उनकी दुकान में घुस गई, जिससे गंगाराम की मौके पर ही मौत हो गई। क्राइम टीम और स्थानीय पुलिस जांच में जुटी है।
गलती से दबा एक्सीलेरेटर
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह हादसा मंदिर मार्ग थाना क्षेत्र में हुआ। बताया गया कि पीसीआर वैन के चालक से गलती से एक्सीलेरेटर दब गया, जिसके चलते गाड़ी सड़क किनारे बने रैंप पर चढ़ गई और गंगाराम उसकी चपेट में आ गए।
2 पुलिसकर्मी निलंबित
घटना के बाद लापरवाही बरतने के आरोप में दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। नई दिल्ली के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त हुकमा राम ने इस हादसे को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और मृतक परिवार को मुआवज़ा व हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया। पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।






