Home » ताजा खबर » दिल्ली में दो दिन भारी बारिश का अलर्ट, निगमबोध घाट पर अंतिम संस्कार पर रोक, ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवायजरी

दिल्ली में दो दिन भारी बारिश का अलर्ट, निगमबोध घाट पर अंतिम संस्कार पर रोक, ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवायजरी

यमुना का जलस्तर 207.33 मीटर पार, दिल्ली में बाढ़ जैसे हालात; निगमबोध घाट पर अंतिम संस्कार रुके, ट्रैफिक एडवाइजरी जारी

नई दिल्ली। दिल्ली में यमुना नदी लगातार उफान पर है। बुधवार शाम तक जलस्तर 207.33 मीटर तक पहुंच गया, जो 2013 के रिकॉर्ड स्तर को पार कर चुका है। केंद्रीय जल आयोग ने नई एडवाइजरी जारी करते हुए चेतावनी दी है कि रात 8 बजे तक जलस्तर 207.40 मीटर तक पहुंच सकता है। ऐसे में राजधानी के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा और बढ़ गया है। कई इलाके पहले से ही पानी में डूबे हुए हैं।

निगमबोध घाट पर अंतिम संस्कार बंद

दिल्ली का सबसे बड़ा श्मशान घाट निगमबोध घाट बाढ़ की चपेट में आ गया है। हालात इतने बिगड़े कि यहां अंतिम संस्कार की प्रक्रिया रोकनी पड़ी। आमतौर पर प्रतिदिन 55 से 60 अंतिम संस्कार होने वाले इस घाट पर अब चिताओं की अग्नि थम चुकी है। इस बीच मौसम विभाग ने भी अगले दो दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त

राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों — सफदरजंग, कश्मीरी गेट, कनॉट प्लेस और इंडिया गेट — में भारी बारिश हो रही है। फ्लाइटराडार 24 के अनुसार, दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। शाम 5 बजे तक 273 उड़ानों का प्रस्थान और 73 आगमन विलंबित रहा।
सड़क यातायात भी बाधित है। आईएसबीटी से विधानसभा की ओर जाने वाली सड़क पर लगभग 500 मीटर का हिस्सा केवल एक लेन में चालू है। वहीं मोनेस्ट्री और निगमबोध घाट जाने वाले मार्ग पर भी पानी भर गया है।

ट्रैफिक एडवाइजरी

यमुना के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है।

  • आउटर रिंग रोड पर मजनू का टीला से सलीमगढ़ बाईपास तक यातायात प्रभावित रहेगा।

  • वज़ीराबाद-सिग्नेचर ब्रिज और चंदगीराम अखाड़ा-आईपी कॉलेज रेड लाइट से डायवर्जन लागू रहेगा।

  • लोगों से अपील की गई है कि इन मार्गों से बचें, वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करें, सड़क किनारे पार्किंग न करें और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This