दिल्ली: साकेत कोर्ट के लॉकअप में दो कैदियों के बीच खूनी झड़प, एक की मौत – जानिए पूरा मामला
दिल्ली के साकेत कोर्ट में गुरुवार सुबह एक चौंकाने वाली घटना घटी। तिहाड़ जेल नंबर 8 से पेशी के लिए लाए गए कैदियों के बीच कोर्ट के लॉकअप में हिंसक झड़प हो गई। इस झगड़े में अमन नामक कैदी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
क्या कहती है पुलिस?
दिल्ली पुलिस ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि साकेत कोर्ट के लॉकअप में दो अन्य कैदियों—जितेन्द्र और जयदेव—ने मिलकर अमन पर हमला किया। तीनों ही कैदी तिहाड़ जेल नंबर 8 में बंद थे और अदालत की कार्यवाही के लिए कोर्ट लाए गए थे। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि अमन और जितेन्द्र के बीच पुरानी रंजिश चल रही थी, जो इस हिंसक टकराव की वजह बनी।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
क्या थी दुश्मनी की वजह?
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, यह हमला साकेत कोर्ट के खारजा नंबर 5 में 5 जून को हुआ, जब अमन को पेशी के लिए लॉकअप में लाया गया था। उस वक्त लॉकअप के अंदर कई विचाराधीन कैदी मौजूद थे, जिनमें जितेन्द्र और जयदेव भी शामिल थे।
इसी दौरान जितेन्द्र और जयदेव ने अमन पर अचानक हमला कर दिया। जांच में सामने आया है कि अमन और जितेन्द्र के बीच पुरानी रंजिश थी। दरअसल, साल 2024 में जेल से बाहर रहने के दौरान अमन ने कथित रूप से जितेन्द्र और उसके भाई पर चाकू से हमला किया था। इसी पुराने विवाद के चलते यह हमला किया गया, जिसमें अमन की जान चली गई।






