नई दिल्ली: केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पाकिस्तान और अमेरिका को कड़ा संदेश देते हुए स्पष्ट किया कि भारत किसी भी धमकी से डरने वाला नहीं है। उन्होंने ऐलान किया कि सिंधु जल समझौता अब रद्द हो चुका है और सिंधु नदी का पानी पूरी तरह भारतीय किसानों के हित में इस्तेमाल होगा। उनका यह बयान पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर के अमेरिका में दिए गए उस बयान के जवाब में आया, जिसमें भारत को सिंधु समझौते को लेकर धमकी दी गई थी। यह घोषणा शिवराज ने नई दिल्ली में किसान संगठनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात के दौरान की।
“हमारा पानी हमारे किसानों के लिए”
शिवराज ने कहा, “पड़ोसी अमेरिका से परमाणु हथियार की गीदड़भभकी दे रहे हैं, लेकिन भारत डरने वाला नहीं है। पूरी दुनिया सुन ले — सिंधु समझौता रद्द हो चुका है। हमारा पानी अब सिर्फ हमारे किसानों के लिए होगा, यह पक्का फैसला है।” उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए कहा कि पीएम ने साफ कर दिया है — व्यक्तिगत नुकसान चाहे कितना भी हो, किसान हितों से कोई समझौता नहीं होगा।
किसान प्रतिनिधियों की पीएम से मुलाकात तय
शिवराज ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में किसानों का कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसान संगठनों ने इस मौके पर केंद्र के फैसलों की तारीफ की और जल्द ही प्रधानमंत्री से मुलाकात कर आभार जताने की घोषणा की।






