देशभर में आज से शारदीय नवरात्रि की शुरुआत हो गई है। इस पावन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और मां दुर्गा की आराधना से जुड़े विचार साझा किए।
पीएम मोदी की शुभकामनाएं
पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा – “आप सभी को नवरात्रि की अनंत शुभकामनाएं। साहस, संयम और संकल्प का यह भक्ति पर्व हर किसी के जीवन में नई शक्ति और विश्वास लेकर आए। जय माता दी!”
उन्होंने कहा कि आज मां शैलपुत्री की विशेष पूजा-अर्चना का दिन है और उनकी कृपा से सबके जीवन में सौभाग्य और आरोग्य बना रहे।
क्यों खास है इस बार की नवरात्रि?
प्रधानमंत्री ने बताया कि इस बार की नवरात्रि विशेष महत्व रखती है। “GST बचत उत्सव और स्वदेशी के मंत्र को इस दौरान नई ऊर्जा मिलेगी। विकसित और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प की सिद्धि के लिए हमें सामूहिक प्रयास करने होंगे।”
पंडित जसराज का मंत्र साझा किया
पीएम मोदी ने नवरात्रि को “विशुद्ध भक्ति का पर्व” बताते हुए पंडित जसराज द्वारा गाए गए एक भक्ति गीत को साझा किया। साथ ही लोगों से अपील की कि अगर उन्होंने कोई भजन गाया है या उनका कोई पसंदीदा भजन है, तो वे उसे साझा करें। प्रधानमंत्री ने कहा कि आने वाले दिनों में वे कुछ भजनों को खुद भी पोस्ट करेंगे।






