हरियाणा के पंचकूला जिले में एक ही परिवार के सात लोगों की मौत से हड़कंप मच गया है। छह शव एक कार में और एक शव प्रवीण मित्तल का मिला है। पुलिस इस मामले की कई एंगल से जांच कर रही है। शुरुआती जांच में यह मामला आत्महत्या का बताया जा रहा है, जिसकी वजह भारी कर्ज बताई जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रवीण मित्तल और उनके परिवार पर करीब 20 करोड़ रुपये का कर्ज था। प्रवीण मित्तल मूल रूप से हिसार जिले के रहने वाले थे और काफी समय से पंचकूला में रह रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पंचकूला डीसीपी (लॉ एंड ऑर्डर) अमित दहिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी साझा की।
जांच के लिए बनाई गई 5 टीमें, देहरादून भी भेजी गई एक टीम
पंचकूला डीसीपी (लॉ एंड ऑर्डर) अमित दहिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि मंगलवार रात करीब 10 बजे पुलिस को सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची टीम को कार में छह शव मिले, जबकि एक व्यक्ति जीवित था। हालांकि, इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। डीसीपी ने इसे बेहद दुखद घटना बताया। प्रारंभिक जांच में दो सुसाइड नोट बरामद हुए हैं, जिससे मामला सामूहिक आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने जांच के लिए पांच टीमें गठित की हैं, जिनमें से एक टीम को देहरादून भेजा गया है।
7 से 8 एंगल से हो रही जांच
डीसीपी अमित दहिया ने बताया कि इस मामले की जांच 7 से 8 अलग-अलग एंगल से की जा रही है। मृतकों के सोशल मीडिया अकाउंट की भी गहनता से पड़ताल की जा रही है। शुरुआती जांच में आत्महत्या की मुख्य वजह आर्थिक तंगी मानी जा रही है। मौके से खाने-पीने का सामान और उल्टियों के निशान भी मिले हैं। बरामद सुसाइड नोट में भारी कर्ज का उल्लेख है, जिस पर पुलिस की जांच का मुख्य फोकस फाइनेंशियल एंगल पर है।






