छतरपुर के गढ़ा गांव स्थित बागेश्वर धाम परिसर में गुरुवार सुबह करीब 7 बजे आरती के बाद एक टेंट गिर गया। हादसे में लोहे का एंगल सिर पर लगने से एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि 8 अन्य लोग घायल हो गए। उस समय बारिश हो रही थी और कई श्रद्धालु उससे बचने के लिए टेंट के नीचे जमा हो गए थे। घायलों को इलाज के लिए छतरपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एक श्रद्धालु राजेश कुमार कौशल ने बताया कि वे उत्तर प्रदेश के चौरी सिकन्दरपुर, जिला बस्ती के निवासी हैं। उनके ससुर श्यामलाल कौशल (उम्र 50 वर्ष) की इस हादसे में मौत हो गई। राजेश ने बताया कि उनका परिवार बुधवार रात बागेश्वर धाम पहुंचा था। शुक्रवार को धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री का जन्मदिन है, जिसे लेकर वे गुरुवार सुबह सभी लोग तैयार होकर दर्शन के लिए पहुंचे थे। उसी दौरान अचानक टेंट गिर गया। लोहे का एंगल श्यामलाल कौशल के सिर पर आ गिरा, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में राजेश, सौम्या, पारुल, उन्नति सहित कुल 8 लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।






