मध्य प्रदेश: भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य का बयान, युवाओं को मिलिट्री ट्रेनिंग की जरूरत पर जोर
गुना से भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य ने कहा है कि श्रीलंका, बांग्लादेश, अफगानिस्तान और पाकिस्तान जैसी परिस्थितियों को देखकर लगता है कि भारत में भी गृह युद्ध छिड़ सकता है। उन्होंने जिला कलेक्टर से आग्रह किया है कि 18 से 30 वर्ष के युवाओं को आवश्यक मिलिट्री सेवा ट्रेनिंग दी जाए।
सबकी निगाहें भारत पर:
गुना के उत्कृष्ट स्कूल में आयोजित राज्य स्तरीय जुड़ो और बॉक्सिंग प्रतियोगिता के समापन समारोह में शाक्य ने मंच से कहा, “लंका में आग लगी, बांग्लादेश में तख्तापलट हुआ, अफगानिस्तान में हालात खराब हैं और नेपाल भी बर्बाद हो गया। अब सबकी निगाहें भारत पर हैं। अगर हम 18 से 30 साल के युवाओं को तैयार नहीं करेंगे, तो देश में गृह युद्ध का खतरा है।”
इतिहास और रामायण का उदाहरण:
पन्नालाल शाक्य ने रामायण का उदाहरण देते हुए कहा कि किस तरह लक्ष्मण और रामचंद्र ने अपने समय में सुरक्षा और तैयारी पर ध्यान दिया। उन्होंने नालंदा विश्वविद्यालय की घटना का हवाला देते हुए चेतावनी दी कि देश की सुरक्षा केवल भगवान पर भरोसा करने से नहीं होगी।
युवाओं को मिलिट्री ट्रेनिंग देने की अपील:
विधायक ने कहा, “जिला कलेक्टर से अनुरोध है कि युवाओं के लिए आवश्यक मिलिट्री ट्रेनिंग का प्रतिवेदन तैयार किया जाए। सीमा पर सुरक्षा तो है, लेकिन देश के अंदर सुरक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। युवाओं को इस लिए प्रशिक्षित करना जरूरी है।”






