नेपाल में फिर महसूस किए गए भूकंप के झटके, दहशत में घरों से बाहर निकले लोग
नेपाल में मंगलवार रात 8:10 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.0 दर्ज की गई। झटके लगते ही लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। हालांकि, राहत की बात यह है कि अब तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
भूकंप का केंद्र
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार, भूकंप का केंद्र 28.27° N अक्षांश और 82.72° E देशांतर पर था, जबकि इसकी गहराई 10 किलोमीटर मापी गई। कम तीव्रता का होने के बावजूद झटकों से लोगों में दहशत फैल गई।
हाल ही में आए थे कई झटके
इससे पहले 12 सितंबर को नेपाल में 5.0 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसके झटके उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में भी महसूस किए गए थे। वहीं, रविवार को पूर्वोत्तर भारत और पश्चिम बंगाल में भी 5.8 तीव्रता का भूकंप आया था। इसके बाद डेढ़ घंटे के भीतर तीन और झटके दर्ज किए गए थे, जिनसे असम में दो लड़कियां घायल हो गईं और कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए।
2015 का विनाशकारी भूकंप
नेपाल भूकंपीय गतिविधियों वाला संवेदनशील इलाका है। 25 अप्रैल 2015 को यहां 7.8 तीव्रता का भीषण भूकंप आया था, जिसमें करीब 9,000 लोगों की मौत हुई थी और 22,000 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे।






