हत्या के बाद सोनम क्राइम सीन से करीब 10 किलोमीटर दूर तीनों आरोपियों के साथ बातचीत करते हुए CCTV कैमरे में कैद हुई। इसके बाद 25 मई को वह शिलांग से सिलीगुड़ी होते हुए ट्रेन से इंदौर पहुंची, जहां उसकी मुलाकात राज से हुई। सोनम ने इंदौर में किराए के मकान में कुछ समय बिताया और फिर एक ड्राइवर की मदद से उत्तर प्रदेश के लिए रवाना हुई। वह वाराणसी होते हुए गाजीपुर पहुंची। जांच में सामने आया कि मर्डर में इस्तेमाल किया गया हथियार गुवाहाटी रेलवे स्टेशन के पास से लिया गया था। हनीमून के दौरान सोनम ने कोई भी फोटो सोशल मीडिया पर साझा नहीं की, जिससे पुलिस को शक हुआ और इसी से उसकी संलिप्तता की कड़ी जुड़ती चली गई।
सात जन्मों का साथ… सोनम ने मर्डर के बाद किया था भावनात्मक पोस्ट
राजा रघुवंशी की हत्या के तुरंत बाद, जब उसे सोनम की आंखों के सामने खाई में फेंका गया, उसी रात 2 बजकर 15 मिनट पर सोनम ने राजा के फोन से उसके सोशल मीडिया अकाउंट पर एक भावनात्मक पोस्ट डाली—”सात जन्मों का साथ है”। इस पोस्ट का मकसद था यह दिखाना कि राजा अभी जिंदा है, ताकि परिवार को शक न हो। सूत्रों के मुताबिक, राजा की हत्या 23 मई को की गई थी और उसी दिन दोनों के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज हुई थी।
हत्या में विशाल ने किया था पहला वार
जांच में खुलासा हुआ कि सोनम भी हत्या की साजिश में शामिल थी। 3 और 4 जून को पुलिस को इस दिशा में ठोस सुराग मिले। घटनास्थल से जो जैकेट बरामद हुई, वह आरोपी आकाश की थी, जबकि पास ही मिला रेनकोट सोनम का था। वहीं, राजा का टूटा हुआ मोबाइल स्क्रीन भी मौके से मिला। सोनम ने ही आकाश को अपना रेनकोट दिया था, जिस पर खून के धब्बे थे, जिसे आकाश ने बाद में फेंक दिया था। आनंद की गिरफ्तारी के वक्त वह वही कपड़े पहने था जो हत्या के समय पहने गए थे। जानकारी के अनुसार, राजा पर पहला वार आरोपी विशाल ने किया था।
रेनकोट ने खोला मर्डर मिस्ट्री का राज
राजा और सोनम 11 मई को शादी के बंधन में बंधे और 20 मई को हनीमून के लिए मेघालय रवाना हुए। 23 मई को एक होमस्टे से चेकआउट करने के बाद दोनों अचानक लापता हो गए। कुछ ही समय बाद उनका किराए का वाहन एक गांव में लावारिस हालत में मिला। कई दिनों की तलाश के बाद 2 जून को राजा का शव एक गहरी खाई से बरामद हुआ, जबकि सोनम अब भी ‘लापता’ बताई जा रही थी।
तफ्तीश के दौरान पुलिस को हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी मिला। लेकिन इस केस की गुत्थी तब और सुलझने लगी जब पुलिस को घटनास्थल के पास एक खून से सना हुआ बड़ा रेनकोट मिला। यह सुराग सोनम की ओर इशारा कर रहा था और इसी ने पुलिस को ‘गायब’ पत्नी तक पहुंचने की दिशा दिखाई।






