Home » देश » संसद की सुरक्षा व्यवस्था ध्वस्त: पेड़ पर चढ़ा युवक, दीवार फांदकर भीतर पहुंचा

संसद की सुरक्षा व्यवस्था ध्वस्त: पेड़ पर चढ़ा युवक, दीवार फांदकर भीतर पहुंचा

देश की संसद में सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई है। एक शख्स पेड़ पर चढ़कर दीवार फांदता हुआ संसद परिसर में प्रवेश करने में कामयाब हुआ। वह संसद के गरुड़ द्वार तक पहुंचा, तभी सुरक्षाकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। आरोपी परिसर में प्रवेश करने के लिए पेड़ का सहारा लेकर दीवार पार कर रहा था।

आरोपी से पूछताछ जारी
शुक्रवार सुबह लगभग 6:30 बजे एक अज्ञात व्यक्ति रेल भवन की ओर से पेड़ की मदद लेकर दीवार फांदते हुए नई संसद भवन के गरुड़ द्वार तक पहुंच गया। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों ने तुरंत उसे हिरासत में लिया। अब उसकी पहचान की जा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि उसके पास कोई हथियार था या नहीं और आखिर उसका मकसद क्या था।

संसद मार्ग पुलिस थाने पहुंचा आरोपी
पुलिस के अनुसार संदिग्ध शख्स ने अनधिकृत प्रवेश के लिए रेल भवन की ओर से दीवार का सहारा लिया और गरुड़ द्वार तक पहुंचा, जो संसद भवन का प्रमुख प्रवेश द्वार है। CISF ने उसे पकड़कर संसद मार्ग पुलिस स्टेशन को सौंप दिया। दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि उसका संसद परिसर में प्रवेश का उद्देश्य क्या था।

कल ही समाप्त हुआ संसद का मानसून सत्र
संसद का मानसून सत्र गुरुवार को समाप्त हुआ। यह सत्र 21 जुलाई से 21 अगस्त 2025 तक चला और इसमें 32 दिनों में कुल 21 बैठकें हुईं। सत्र के दौरान कई बार विपक्ष के हंगामे के कारण कार्यवाही बाधित हुई। इस दौरान सरकार ने कई महत्वपूर्ण विधेयक पेश किए।

विपक्ष ने सदन में की आपत्ति
सदन में विपक्ष ने पहलगाम आतंकी हमला, ऑपरेशन सिंदूर, बिहार में मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत-पाकिस्तान युद्धविराम दावों जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की कोशिश की।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This