मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा – स्वच्छता से आती है समृद्धि, इंदौर ने बनाया नया कीर्तिमान
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि स्वच्छता से ही समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होता है। स्वच्छता भारतीय परंपरा, दिनचर्या और संस्कारों का हिस्सा रही है, लेकिन समय के साथ इसे भुला दिया गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस परंपरा को पुनर्जीवित कर स्वच्छता को जन-आंदोलन का रूप दिया है।
मुख्यमंत्री गुरुवार को इंदौर में आयोजित “स्वच्छता ही सेवा” अभियान के अंतर्गत स्वच्छता कर्मवीरों के सम्मान एवं सहभोज कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इंदौर ने लगातार आठ बार देश में स्वच्छता रैंकिंग में प्रथम स्थान प्राप्त कर नया इतिहास रचा है। इसके लिए 36 लाख नागरिकों और विशेष रूप से स्वच्छता कर्मवीरों की मेहनत सराहनीय है।
स्वच्छता कर्मवीरों के साथ भोजन
समारोह में मुख्यमंत्री ने स्वच्छता कर्मवीरों का सम्मान किया और उनके साथ भोजन भी किया। उन्होंने कहा कि कर्मवीरों की लगन और सेवा भाव ने इंदौर को स्वच्छता के क्षेत्र में विश्वस्तर पर पहचान दिलाई है। इस अवसर पर उन्होंने “स्वच्छता का महागुरु” लोगो का विमोचन किया और उत्कृष्ट कार्य करने वाले पार्षदों को सम्मानित किया। साथ ही, देश के पहले जीरो वेस्ट जू (प्राणी संग्रहालय) का शुभारंभ भी किया।
इलेक्ट्रिक बसों का लोकार्पण
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 60 करोड़ रुपये की लागत से खरीदी गई 50 नई इलेक्ट्रिक एसी बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इंदौर को कुल 150 इलेक्ट्रिक बसें मिलेंगी। इन बसों में जीपीएस, सीसीटीवी, पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम और डिजिटल पेमेंट की आधुनिक सुविधाएं होंगी। मुख्यमंत्री खुद बस में सवार हुए और यात्री सुरक्षा व तकनीकी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
रणजीत हनुमान मंदिर का पुनर्विकास
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रसिद्ध रणजीत हनुमान मंदिर के पुनर्विकास कार्यों का वर्चुअल भूमिपूजन किया। 7 करोड़ रुपये की लागत से मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण, भव्य द्वार शेड, बाउंड्रीवॉल, पाथवे और उद्यान विकसित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह मंदिर हमें हर क्षेत्र में विजय प्राप्त करने की प्रेरणा देता है।
इंदौर की नई पहचान
जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि स्वच्छता में लगातार आठ बार अव्वल रहकर इंदौर ने विश्व मानचित्र पर अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में प्रधानमंत्री मोदी के संकल्प तेजी से साकार हो रहे हैं।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि इंदौर का विकास वर्ष 2050 को ध्यान में रखकर किया जा रहा है। नगर निगम स्वच्छता और डिजिटल नवाचारों के क्षेत्र में लगातार नए प्रयोग कर रहा है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में विधायकगण, पार्षद, महापौर परिषद सदस्य, सफाई मित्र और नागरिकगण मौजूद रहे।






