कर्नाटक में नई सरकार के गठन की तैयारी तेज, 3 जून को डीके शिवकुमार ले सकते हैं मुख्यमंत्री पद की शपथ
बेंगलुरु में नई सरकार के गठन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार 3 जून (बुधवार) को कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। उनके साथ 10 से 12 विधायक मंत्री पद की शपथ लेने की संभावना है। जानकारी के अनुसार, मंत्रिमंडल का विस्तार दो चरणों में किया जाएगा। कर्नाटक में मुख्यमंत्री समेत कुल 34 मंत्री बनाए जा सकते हैं।
डीके शिवकुमार के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां बेंगलुरु स्थित लोकभवन के ग्लास हाउस में चल रही हैं। समारोह में कांग्रेस नेता राहुल गांधी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है। फिलहाल डीके शिवकुमार दिल्ली में मौजूद हैं, जबकि उनके भाई डीके सुरेश शपथ समारोह की तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं।
तीन डिप्टी सीएम बनाने का सुझाव
सूत्रों के मुताबिक, पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कांग्रेस नेतृत्व को सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन बनाए रखने के लिए तीन डिप्टी सीएम बनाने का सुझाव दिया है। इस मुद्दे पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और रणदीप सिंह सुरजेवाला के साथ विस्तृत चर्चा हुई है।
हालांकि, डीके शिवकुमार ने पार्टी हाईकमान को स्पष्ट किया है कि वे अपने कार्यकाल में डिप्टी सीएम पद की व्यवस्था नहीं चाहते। इस विषय पर अंतिम फैसला राहुल गांधी और पार्टी नेतृत्व द्वारा लिया जाएगा।
इन नेताओं के नाम डिप्टी सीएम पद की दौड़ में
सिद्धारमैया ने डिप्टी सीएम पद के लिए तीन नेताओं के नाम सुझाए हैं—
- डॉ. जी. परमेश्वर (दलित समुदाय)
- एम.बी. पाटिल (लिंगायत समुदाय)
- जमीर अहमद खान (मुस्लिम समुदाय)
हालांकि जमीर अहमद खान हाल ही में उपचुनाव के दौरान पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोपों और एक कथित ऑडियो क्लिप को लेकर विवादों में घिरे हुए हैं।
सिद्धारमैया खेमे के नेताओं को भी मिल सकता है मौका
सूत्रों के अनुसार, सिद्धारमैया ने अपने बेटे यतीन्द्र सिद्धारमैया सहित अपने कई करीबी विधायकों को मंत्रिमंडल में शामिल करने की पैरवी की है। इनमें जमीर अहमद खान, एच.सी. महादेवप्पा, संतोष लाड, बसवराज रायरेड्डी, वेंकटेश, बी. सुरेश, पुट्टरंग शेट्टी और बी.के. हरिप्रसाद जैसे नाम शामिल बताए जा रहे हैं।
कांग्रेस हाईकमान डीके शिवकुमार से चर्चा के बाद अंतिम सूची पर मुहर लगाएगा।
संभावित मंत्रियों की सूची
- यतीन्द्र सिद्धारमैया
- जी. परमेश्वर
- के.जे. जॉर्ज
- रामलिंगा रेड्डी
- प्रियांक खरगे
- एम.बी. पाटिल
- ईश्वर खंड्रे
- कृष्णा बायरेगौड़ा
- लक्ष्मी हेब्बलाकर
- बी. सुरेश
- सतीश जारकीहोली
राजनीतिक सूत्रों का कहना है कि यदि सतीश जारकीहोली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी स्वीकार करते हैं, तो उनकी जगह बी.के. हरिप्रसाद को मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है।






