जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन शुरू, सोनम वांगचुक भी होंगे शामिल
नई दिल्ली। दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) का प्रदर्शन शुरू हो गया है। इस विरोध प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य पेपर लीक और विभिन्न परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाना है। सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी इस आंदोलन में शामिल होने वाले हैं।
सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि वे केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करेंगे। उन्होंने पहले घोषणा की थी कि दिल्ली पहुंचने के बाद वे संसद मार्ग पुलिस स्टेशन जाकर प्रदर्शन की अनुमति मांगेंगे। हालांकि, दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने एयरपोर्ट पर ही उनसे मुलाकात की और प्रदर्शन की अनुमति प्रदान कर दी।
पुलिस से मिली अनुमति, जंतर-मंतर पहुंचने की अपील
अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि पुलिस ने धरना-प्रदर्शन की अनुमति दे दी है। इसके बाद उन्होंने अपने समर्थकों से जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की। शुरुआत में समर्थकों को दिल्ली एयरपोर्ट आने के लिए कहा गया था, लेकिन बाद में कार्यक्रम स्थल बदलकर जंतर-मंतर कर दिया गया।
पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था के मुद्दे पर प्रदर्शन
अमेरिका के बोस्टन से दिल्ली पहुंचे अभिजीत दीपके ने कहा कि यह आंदोलन नीट पेपर लीक विवाद और शिक्षा व्यवस्था में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ है। प्रदर्शन के दौरान शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई जाएगी। आंदोलन में बड़ी संख्या में छात्रों और युवाओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, पुलिस अलर्ट
प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन की अनुमति आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद दी गई है।
दिल्ली पुलिस ने सभी जिलों को अलर्ट जारी करते हुए प्रदर्शन में शामिल होने वाले छात्रों और प्रतिभागियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। नई दिल्ली जिले में लगभग 2,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार के टकराव से बचने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
पुलिस ने राजधानी के कुछ हिस्सों में भारी भीड़, यातायात प्रभावित होने और कानून-व्यवस्था संबंधी चुनौतियों को लेकर भी संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।



