Home » ताजा खबर » NEET 2026 अभ्यर्थियों को बड़ी राहत, परीक्षा के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें

NEET 2026 अभ्यर्थियों को बड़ी राहत, परीक्षा के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें

NEET 2026 री-एग्जाम: अभ्यर्थियों के लिए रेलवे की बड़ी सौगात, इंदौर-भोपाल-रतलाम रूट पर चलेंगी स्पेशल ट्रेनें

राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) 2026 की पुनर्परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेलवे ने विशेष ट्रेनों के संचालन का फैसला किया है। परीक्षा में बड़ी संख्या में छात्रों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए 20 जून को इंदौर, भोपाल और रतलाम के बीच स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी, ताकि परीक्षार्थी समय पर अपने परीक्षा केंद्रों तक पहुंच सकें।

पश्चिम मध्य रेलवे (WCR) के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हर्षित श्रीवास्तव ने बताया कि यह विशेष व्यवस्था 21 जून को आयोजित होने वाली NEET पुनर्परीक्षा को ध्यान में रखकर की गई है।

इंदौर से भोपाल के लिए स्पेशल ट्रेन

रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 09354, 20 जून को सुबह 11:25 बजे इंदौर से रवाना होगी और शाम 7:00 बजे भोपाल पहुंचेगी। यह विशेष ट्रेन फतेहाबाद चंद्रावतीगंज जंक्शन, बड़नगर, रतलाम, नागदा, उज्जैन, मक्सी, शुजालपुर, सीहोर और संत हिरदाराम नगर स्टेशनों पर रुकेगी।

भोपाल से रतलाम के लिए विशेष सेवा

वहीं ट्रेन संख्या 09353, 20 जून को शाम 7:40 बजे भोपाल से रवाना होकर अगले दिन रात 12:55 बजे रतलाम पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव संत हिरदाराम नगर, सीहोर, शुजालपुर, मक्सी, उज्जैन और नागदा स्टेशनों पर रहेगा।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इन विशेष ट्रेनों से न केवल NEET अभ्यर्थियों को राहत मिलेगी, बल्कि इंदौर, भोपाल और रतलाम के बीच यात्रा करने वाले सामान्य यात्रियों को भी सुविधा प्राप्त होगी।

परीक्षा केंद्रों पर विशेष व्यवस्था

पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल ने परीक्षा के मद्देनजर प्रमुख स्टेशनों पर व्यापक भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था करने का निर्णय लिया है। मंडल के जनसंपर्क अधिकारी नवल अग्रवाल के अनुसार भोपाल, गुना, विदिशा, नर्मदापुरम और अशोकनगर में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों के पहुंचने की संभावना है।

भोपाल में सबसे ज्यादा अभ्यर्थी

आंकड़ों के अनुसार भोपाल में 13,774 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इसके अलावा गुना में 1,839, विदिशा में 1,709, नर्मदापुरम में 1,283 और अशोकनगर में 865 उम्मीदवार परीक्षा में शामिल होंगे।

सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के विशेष इंतजाम

रेलवे प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों से जुड़े स्टेशनों पर विशेष निगरानी रखने और ट्रेनों के समयबद्ध संचालन के निर्देश दिए हैं। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया कि प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त वाणिज्यिक कर्मचारियों, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और परिचालन स्टाफ की तैनाती की जाएगी।

इसके अलावा स्टेशन परिसर, प्रवेश और निकास द्वारों तथा प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की आवाजाही को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This