दिल्ली के बुराड़ी इलाके में रहने वाली एक 36 वर्षीय सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर ने एक युवक पर पहचान छिपाकर दुष्कर्म करने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। महिला का दावा है कि आरोपी ने खुद को हिंदू बताकर “सन्नी” नाम से उससे संपर्क किया और बाद में अपनी वास्तविक पहचान शाकिब जरदारी के रूप में सामने आई।
पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने रील बनाने के बहाने उसे एक होटल में बुलाया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। महिला का आरोप है कि घटना के बाद उसे धमकियां दी गईं और एक मदरसे में बुलाकर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया गया।
महिला ने इस पूरे मामले की जानकारी अपने पति को दी, जिसके बाद उसके पति ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले का रहने वाला है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
इस बीच, पहचान छिपाकर संबंध बनाने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डालने के आरोपों से जुड़े कई मामले देश के विभिन्न राज्यों से भी सामने आए हैं। हाल ही में उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में भी एक व्यक्ति को अपनी धार्मिक पहचान छिपाने और विवाह के लिए महिला पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस के अनुसार, उस मामले में आरोपी की पहचान फाजिल अंसारी के रूप में हुई थी, जिसने कथित तौर पर खुद को “साहिल” बताकर महिला से संबंध बनाए थे। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।
फिलहाल बुराड़ी मामले में पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





