Home » ताजा खबर » दिल्ली के लाल किले को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट; मुंबई तक बढ़ाई गई सतर्कता

दिल्ली के लाल किले को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट; मुंबई तक बढ़ाई गई सतर्कता

दिल्ली के लाल किले को बम से उड़ाने की धमकी, जांच में कॉल निकली फर्जी

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में शनिवार को एक बार फिर लाल किले को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। जानकारी के अनुसार, यह धमकी मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कॉल के जरिए दी गई थी। मुंबई पुलिस ने तुरंत इसकी सूचना दिल्ली पुलिस कंट्रोल रूम को दी, जिसके बाद नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।

पुलिस ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करते हुए जांच-पड़ताल की। हालांकि, विस्तृत जांच के बाद अधिकारियों ने इस कॉल को फर्जी करार दिया। फिलहाल मामले की जांच जारी है और कॉल करने वाले की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

सचिवालय को भी मिली थी बम की धमकी

इससे एक दिन पहले शुक्रवार को दिल्ली सचिवालय और लाल किले को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। दिल्ली सचिवालय को यह धमकी ईमेल के माध्यम से भेजी गई थी। सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस, पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचीं और व्यापक तलाशी अभियान चलाया।

दिल्ली फायर सर्विस के अनुसार, दोपहर करीब 12 बजे धमकी की सूचना मिलने के बाद तुरंत कार्रवाई की गई, लेकिन तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

स्कूलों को भी मिले थे धमकी भरे ईमेल

हाल के दिनों में राजधानी के दो स्कूलों को भी बम की धमकी वाले ईमेल प्राप्त हुए थे। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ते (Bomb Disposal Squad) और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने स्कूल परिसरों की गहन जांच की। तलाशी अभियान पूरा होने के बाद अधिकारियों ने पुष्टि की कि कोई विस्फोटक या संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई।

पुरानी घटना की जांच भी जारी

इसी बीच, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने पिछले वर्ष लाल किला क्षेत्र में हुए विस्फोट मामले में फोरेंसिक रिपोर्ट अदालत में पेश की है। सूत्रों के अनुसार, रिपोर्ट विशेष अदालत में दाखिल की गई है, जहां इसकी समीक्षा के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया तय की जाएगी। अदालत ने मामले में गिरफ्तार नौ आरोपियों की न्यायिक हिरासत 13 जुलाई तक बढ़ा दी है।

NIA इससे पहले इस मामले में विस्तृत चार्जशीट और सप्लीमेंट्री चार्जशीट भी दाखिल कर चुकी है। एजेंसी का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की गहन पड़ताल की जा रही है।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This

Recent Post