NEET-UG 2026 पेपर लीक: CBI का बड़ा खुलासा, कोचिंग संचालक के मोबाइल से मिले 111 सवाल परीक्षा से मेल खाए
नई दिल्ली: NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले की जांच कर रही केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने दिल्ली की एक अदालत में बड़ा खुलासा किया है। एजेंसी के अनुसार, महाराष्ट्र के लातूर स्थित एक कोचिंग सेंटर संचालक के मोबाइल फोन से बरामद 136 हस्तलिखित केमिस्ट्री प्रश्नों में से 111 प्रश्न NEET-UG 2026 के मास्टर प्रश्न सेट से मेल खाते हैं। CBI ने यह जानकारी आरोपी की जमानत याचिका का विरोध करते हुए अदालत में दाखिल अपने जवाब में दी।
किसके मोबाइल से मिले सवाल?
CBI के मुताबिक, यह हस्तलिखित सामग्री लातूर के रेणुकाई केमिस्ट्री क्लासेज संचालक शिवराज मोटेगांवकर के मोबाइल फोन से बरामद हुई। शिवराज ‘Motegaonkar Sir’s RCC’ नाम से एक यूट्यूब चैनल भी चलाते हैं, जिसके करीब 1.68 लाख सब्सक्राइबर हैं।
जांच में क्या सामने आया?
जांच एजेंसी का दावा है कि सह-आरोपी आदित्य मोटेगांवकर ने सह-आरोपी पी. वी. कुलकर्णी की विशेष कक्षाओं में हिस्सा लिया था। आरोप है कि इन्हीं क्लासों के दौरान लीक हुए केमिस्ट्री प्रश्न उपलब्ध कराए गए, जिनके आधार पर आदित्य ने हस्तलिखित नोट्स तैयार किए।
जांच के दौरान शिवराज मोटेगांवकर के मोबाइल से 36 तस्वीरें बरामद हुईं, जिनमें 5 डुप्लीकेट थीं। इन तस्वीरों में कुल 132 हस्तलिखित केमिस्ट्री प्रश्न मिले, जिन्हें शुरुआती जांच में शिवराज की लिखावट माना गया। CBI के अनुसार, इनमें से लगभग 111 प्रश्न NTA द्वारा तैयार किए गए NEET-UG 2026 के मास्टर प्रश्न सेट से मेल खाते हैं।
परीक्षा से दो सप्ताह पहले मोबाइल में मौजूद थे सवाल
CBI ने अदालत को बताया कि मोबाइल में मौजूद इन तस्वीरों की कैप्चर डेट 23 अप्रैल 2026 है, जबकि NEET-UG 2026 की परीक्षा 3 मई 2026 को आयोजित हुई थी। यानी संबंधित प्रश्न परीक्षा से लगभग दो सप्ताह पहले ही मोबाइल में मौजूद थे।
अस्पताल परिसर में मिलने का दावा
जांच एजेंसी का कहना है कि शिवराज मोटेगांवकर को ये प्रश्न लातूर के सिद्धिविनायक हॉस्पिटल परिसर में मिले थे। यह अस्पताल बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. मनोज शिरुरे द्वारा संचालित है। CBI का आरोप है कि NTA के पैनल सदस्य और अनुवादक पी. वी. कुलकर्णी ने प्रश्नपत्र लीक किए थे।
टेलीग्राम पर 10 लाख रुपये में बेची गई PDF
CBI के अनुसार, लीक हुए प्रश्नपत्रों की PDF फाइलें टेलीग्राम के जरिए करीब 10 लाख रुपये में बेची गईं। एजेंसी ने यह भी दावा किया कि लगभग 150 पन्नों का एक गेस पेपर, जिसमें 410 प्रश्न शामिल थे, परीक्षा से कई सप्ताह पहले कुछ अभ्यर्थियों के बीच बांटा गया था। जांच में सामने आया कि इस गेस पेपर के करीब 120 प्रश्न NEET-UG 2026 की केमिस्ट्री परीक्षा में पूछे गए।
अब तक 13 लोगों की गिरफ्तारी
CBI ने बताया कि इस मामले में अब तक 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार लोगों में शिक्षक और छात्र दोनों शामिल हैं। कार्रवाई दिल्ली, जयपुर, गुरुग्राम, नासिक, पुणे, लातूर और अहिल्यानगर सहित कई शहरों में की गई है।
22.7 लाख छात्रों ने दी थी परीक्षा
NEET-UG 2026 परीक्षा 3 मई 2026 को आयोजित हुई थी, जिसमें 22.7 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल हुए थे। पेपर लीक के आरोप सामने आने के बाद राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने 12 मई 2026 को परीक्षा रद्द कर दी थी। इससे पहले जांच एजेंसियों ने NEET सॉल्वर गैंग का भी खुलासा किया था, जिसमें बायोमेट्रिक सिस्टम से जुड़े कुछ लोगों की कथित संलिप्तता सामने आई थी।
Diclaimer : इसका हमारी The भारत SSSRK News24x7 समाचार और राष्ट्र दर्शन (सबसे तेज़, सबसे आगे…),
यह एक आंकलन मात्र है…





