जंतर-मंतर पर CJP का प्रदर्शन फिर शुरू, संसद मार्ग पर सुरक्षा बढ़ी; पुलिस हाई अलर्ट पर
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का प्रदर्शन एक बार फिर शुरू हो गया है। सोमवार को हुए हंगामे के बाद दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन स्थल खाली करा दिया था, लेकिन देर रात से प्रदर्शनकारी दोबारा जंतर-मंतर पर जुटने लगे। पुलिस ने शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे लोगों को नहीं रोका, हालांकि साफ कर दिया है कि कानून-व्यवस्था भंग करने की किसी भी कोशिश पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सरकार से बातचीत पर CJP का रुख
इस बीच CJP के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात कर अपनी मांगों पर चर्चा की। पार्टी के प्रवक्ता ने दावा किया कि सरकार ने उनकी मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया है।
हालांकि, प्रदर्शन स्थल पर मौजूद CJP नेता अभिजीत दीपके ने कहा कि अब सरकार से किसी बंद कमरे में बातचीत नहीं होगी। उन्होंने कहा कि यदि सरकार बातचीत करना चाहती है तो उसे जंतर-मंतर आकर प्रदर्शनकारियों से संवाद करना होगा।
संसद भवन की ओर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों ने दोबारा मंच तैयार कर लिया है। वहीं, दिल्ली पुलिस ने संसद भवन की ओर जाने वाले मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। जंतर-मंतर तक आने-जाने के रास्ते फिलहाल खुले हैं, लेकिन संसद मार्ग की ओर अतिरिक्त पुलिस बल और बैरिकेडिंग तैनात की गई है।
पुलिस को आशंका है कि प्रदर्शनकारी एक बार फिर संसद की ओर मार्च करने की कोशिश कर सकते हैं। इसके अलावा, विपक्ष के कई नेताओं के भी जंतर-मंतर पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में राजधानी में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं।
हिंसा के मामले में कार्रवाई तेज, 70 लोग हिरासत में
सोमवार को प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा, पथराव और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामलों में दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिसकर्मियों पर हमला, पथराव और अन्य घटनाओं को लेकर अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं।
पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उपद्रवियों की पहचान कर रही है। अब तक 70 लोगों को हिरासत में लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, सोमवार की झड़पों में एक आईपीएस अधिकारी समेत दिल्ली पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी और कुल 118 से अधिक पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बल के जवान घायल हुए।
दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने अस्पताल पहुंचकर घायल पुलिसकर्मियों का हालचाल जाना। पुलिस का कहना है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन की आड़ में हिंसा फैलाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सोनम वांगचुक ने अनशन जारी रखने का ऐलान किया
उधर, सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने स्पष्ट किया है कि वह अपना अनशन जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि जब तक युवा प्रतिनिधियों को संसद में सांसदों से मिलने की अनुमति नहीं मिलती या उन्हें स्वयं अस्पताल में सांसदों से मिलने की इजाजत नहीं दी जाती, तब तक उनका अनशन जारी रहेगा।
वांगचुक ने यह भी कहा कि उन्हें उम्मीद है कि सरकार शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर जवाबदेही सुनिश्चित करेगी। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे युवाओं की शांतिपूर्ण भूमिका की सराहना करते हुए सरकार और पुलिस से अपील की कि छात्रों को लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने का अवसर दिया जाए। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदर्शनकारी आगे भी संयम और शांति बनाए रखेंगे।
Diclaimer : इसका हमारी The भारत SSSRK News24x7 समाचार और राष्ट्र दर्शन (सबसे तेज़, सबसे आगे…),
यह एक आंकलन मात्र है…





