Home » ताजा खबर » साधु के भेष में प्रदर्शन पर पप्पू यादव की बढ़ीं मुश्किलें, दर्ज हुई शिकायत

साधु के भेष में प्रदर्शन पर पप्पू यादव की बढ़ीं मुश्किलें, दर्ज हुई शिकायत

नई दिल्ली: राम मंदिर से जुड़े कथित चंदा गबन के मुद्दे पर संसद परिसर में साधु के वेश में प्रदर्शन करने वाले सांसद पप्पू यादव की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। उनके खिलाफ दिल्ली के जहांगीरपुरी थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि प्रदर्शन के दौरान धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई गई और धार्मिक प्रतीकों का अपमान किया गया।

धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप

यह शिकायत सूर्य मैथिल नामक व्यक्ति ने दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि संसद के बाहर हुए प्रदर्शन के दौरान पप्पू यादव ने धार्मिक प्रतीकों का अपमान किया। उनका कहना है कि प्रदर्शन के दौरान भगवान राम लला की तस्वीर को पैरों के पास रखा गया, जिससे सनातन समाज की भावनाएं आहत हुईं।

शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि इस प्रदर्शन को विपक्षी INDIA गठबंधन के कई नेताओं का समर्थन प्राप्त था। शिकायतकर्ता ने राहुल गांधी, डिंपल यादव, अवधेश प्रसाद समेत अन्य विपक्षी सांसदों का भी उल्लेख किया है।

कार्रवाई की उठाई मांग

सूर्य मैथिल ने गृह मंत्री अमित शाह, दिल्ली पुलिस आयुक्त, संबंधित डीसीपी, एसीपी और जहांगीरपुरी थाना प्रभारी से मामले में तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।

संसद के बाहर विपक्ष का विरोध प्रदर्शन

31 जुलाई को संसद परिसर में विपक्षी दलों ने विभिन्न मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान नुक्कड़ नाटक के माध्यम से राम मंदिर से जुड़े कथित चंदा गबन का मुद्दा उठाया गया। विपक्षी सांसदों ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इस मामले और हाल ही में प्रदर्शनकारी छात्रों के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई पर जवाब देने की मांग भी की।

प्रदर्शन के दौरान पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव भगवा वस्त्र पहनकर साधु के वेश में नजर आए। उनके हाथ में भगवान राम की तस्वीर थी और उन्होंने प्रतीकात्मक तरीके से मंदिर के पुजारी की भूमिका निभाते हुए प्रदर्शन किया। इसी प्रदर्शन को लेकर अब उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।

Diclaimer : इसका हमारी The भारत SSSRK News24x7 समाचार और राष्ट्र दर्शन (सबसे तेज़, सबसे आगे…),
यह एक आंकलन मात्र है…

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This