नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश-विदेश से समय-समय पर कई तरह के उपहार और स्मृति चिह्न मिलते हैं। इन उपहारों की ई-नीलामी के जरिए प्राप्त राशि को सरकार द्वारा सार्वजनिक कार्यों में उपयोग किया जाता है। अब लोकसभा में केंद्र सरकार ने इस नीलामी से मिली रकम का आंकड़ा साझा किया है।
केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने लोकसभा में लिखित जवाब देते हुए बताया कि 2025 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मिले उपहारों और स्मृति चिह्नों की ई-नीलामी से सरकार को 1.89 करोड़ रुपये प्राप्त हुए।
लोकसभा में पूछा गया था सवाल
लोकसभा में सरकार से पिछले पांच वर्षों के दौरान प्रधानमंत्री को मिले उपहारों और स्मृति चिह्नों की ई-नीलामी से प्राप्त रकम और नीलामी की तारीखों को लेकर जानकारी मांगी गई थी। इसके जवाब में पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने संबंधित आंकड़े सदन के सामने रखे।
2024 में मिले थे 2.24 करोड़ रुपये
सरकार की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, 2025 में ई-नीलामी के सातवें संस्करण से 1.89 करोड़ रुपये प्राप्त हुए।
वहीं, 2024 में आयोजित ई-नीलामी के छठे संस्करण से 2.24 करोड़ रुपये की राशि मिली थी। इस चरण में 600 से अधिक स्मृति चिह्नों और उपहारों की नीलामी की गई थी।
शुरुआती 5 चरणों में मिले 50 करोड़ से ज्यादा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मिले स्मृति चिह्नों और उपहारों की ई-नीलामी की शुरुआत 2019 में की गई थी। संस्कृति मंत्रालय के अनुसार, शुरुआती पांच चरणों की नीलामी से सरकार को 50 करोड़ रुपये से अधिक की राशि प्राप्त हुई थी।
इन स्मृति चिह्नों को भारत की संस्कृति, आध्यात्मिकता, इतिहास और राजनीतिक विरासत की विविधता का प्रतीक भी बताया गया है।
क्या 2014 से पहले भी होती थी ऐसी नीलामी?
लोकसभा में यह भी पूछा गया था कि क्या 2014 से पहले प्रधानमंत्री को मिले उपहारों और स्मृति चिह्नों की ऐसी नीलामी हुई थी।
इस सवाल के जवाब में केंद्रीय मंत्री ने बताया कि 2019 से पहले राष्ट्रीय आधुनिक कला संग्रहालय की ओर से प्रधानमंत्री को मिले स्मृति चिह्नों और उपहारों की कोई नीलामी नहीं की गई थी।
इस तरह 2019 से शुरू हुई ई-नीलामी की प्रक्रिया के जरिए प्रधानमंत्री को मिले उपहारों को सार्वजनिक नीलामी में शामिल किया गया और इससे प्राप्त राशि को जनहित से जुड़े कार्यों के लिए इस्तेमाल किया जाता है।
#PMModi #NarendraModi #PMModiGifts #Eauction #PMGifts #GajendraSinghShekhawat #LokSabha #Parliament #ModiNews #IndiaNews #LatestNews #PoliticalNews #GovernmentNews #HindiNews #NewsUpdate
Diclaimer : इसका हमारी The भारत SSSRK News24x7 समाचार और राष्ट्र दर्शन (सबसे तेज़, सबसे आगे…),
यह एक आंकलन मात्र है…







