नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में प्रदूषण की समस्या लंबे समय से एक गंभीर मुद्दा बनी हुई है। विधानसभा चुनाव के दौरान भी यह मसला प्रमुखता से सामने आया था। अब इसे नियंत्रित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक अहम कदम उठाया है। उन्होंने आज ‘वायु प्रदूषण शमन योजना 2025’ की शुरुआत की, जिसके तहत सरकार विभिन्न उपायों के ज़रिए प्रदूषण को कम करने का प्रयास करेगी। गौरतलब है कि हाल ही में दिल्ली में बीजेपी सरकार ने अपने कार्यकाल के 100 दिन पूरे किए हैं।
इलेक्ट्रिक ऑटो की तैनाती से बदलेगी राजधानी की हवा
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ दिल्ली बनाना उनकी सरकार का संकल्प है, क्योंकि वायु प्रदूषण सीधे लोगों के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है। ‘वायु प्रदूषण शमन योजना 2025’ के तहत दिल्ली के मेट्रो स्टेशनों पर 2,300 इलेक्ट्रिक ऑटो तैनात किए जाएंगे। साथ ही, प्रदूषण के लिहाज से अति संवेदनशील 13 क्षेत्रों में मिस्ट स्प्रेयर लगाए जाएंगे। इसके अलावा, सभी पीयूसीसी (प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र) केंद्रों का हर छह महीने में ऑडिट किया जाएगा।
70 लाख पौधारोपण का लक्ष्य, मां के नाम पर पेड़
सीएम ने बताया कि इस योजना के तहत ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान भी चलाया जाएगा, जिसकी प्रेरणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अभियान से ली गई है। सरकार ने वर्ष 2025 में 70 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया है, ताकि हरियाली बढ़े और हवा शुद्ध हो।
दिल्ली में सिर्फ क्लीन व्हीकल्स को मिलेगी एंट्री
ट्रैफिक जाम और प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए सरकार ‘स्मार्ट इंटेलिजेंट ट्रैफिक सिस्टम’ की शुरुआत करने जा रही है। सीएम ने स्पष्ट किया कि 1 नवंबर 2025 से दिल्ली में केवल BS-6, CNG और इलेक्ट्रिक वाहन ही प्रवेश कर सकेंगे। साथ ही, 500 वर्ग मीटर से बड़े निर्माण स्थलों को दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (DPCC) के पोर्टल पर अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराना होगा।






