Russia-Ukraine War: रूस-यूक्रेन युद्ध ने पकड़ा खतरनाक रुख, ऑपरेशन स्पाइडर वेब का रूस ने लिया बदला
रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध अब और भी भयावह होता जा रहा है। रूस ने यूक्रेन के ‘ऑपरेशन स्पाइडर वेब’ का करारा जवाब देते हुए व्यापक हमला किया है। रूसी सेना ने एक साथ कई इलाकों पर बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से हमले किए। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, रूस ने यूक्रेन के कई सैन्य और रणनीतिक ठिकानों को निशाना बनाकर बड़ा नुकसान पहुंचाया है।
यूक्रेनी वायुसेना का बयान:
सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, यूक्रेनी वायुसेना ने बताया है कि रूस ने कई दिशाओं से बैलिस्टिक मिसाइल और ड्रोन हमले किए हैं। इस जानकारी को यूक्रेनी वायुसेना ने अपने आधिकारिक टेलीग्राम चैनल पर साझा किया है। रिपोर्ट्स में कहा गया है कि इन हमलों के दौरान यूक्रेन की राजधानी कीव के कई इलाकों में विस्फोट और आग लगने की खबरें मिली हैं।
‘रिहायशी इलाकों को बनाया निशाना’
कीव सिटी मिलिट्री एडमिनिस्ट्रेशन के प्रमुख तिमुर त्काचेंको ने बताया कि रूस के मिसाइल और ड्रोन हमलों से कई इमारतों में आग लगी है। त्काचेंको ने स्पष्ट किया कि रूस ने खासतौर पर रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया है। वहीं, कीव के मेयर विताली क्लित्सको ने होलोसीवस्की और डारनित्सकी जिलों में आग लगने की पुष्टि की है। क्लित्सको ने अपने टेलीग्राम अकाउंट पर अलर्ट जारी करते हुए लोगों से कहा है कि वे राजधानी में हमलों के कारण शेल्टर में रहें और सतर्कता बरतें।
जानें, यूक्रेन ने क्या किया था?
हाल ही में, यूक्रेन ने ‘ऑपरेशन स्पाइडर वेब’ नामक मिशन लॉन्च कर रूस पर तेज और प्रभावशाली हमले किए थे। इस ऑपरेशन के तहत यूक्रेन ने रूस के कई महत्वपूर्ण ठिकानों को निशाना बनाया और 41 रूसी बमवर्षक विमानों को तबाह कर दिया था। यूक्रेन ने जिन बॉम्बर विमानों को निशाना बनाया था, उनमें ए-50, टीयू-95, टीयू-22एम3 और टीयू-160 जैसे अहम मॉडल शामिल थे। अब रूस ने यूक्रेन के इसी हमले का करारा जवाब दिया है।



