बिहार में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इसी कड़ी में आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एक बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि आम आदमी पार्टी बिहार में विधानसभा चुनाव अपने दम पर लड़ेगी।
गुरुवार को दिल्ली में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केजरीवाल ने कहा कि पार्टी किसी भी गठबंधन का हिस्सा नहीं बनेगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इंडिया गठबंधन केवल लोकसभा चुनाव तक सीमित था और अब बिहार विधानसभा चुनाव में AAP पूरी तरह से स्वतंत्र रूप से मैदान में उतरेगी।
भाजपा नेता अजय आलोक ने AAP पर कसा तंज
आम आदमी पार्टी के बिहार की सभी 243 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने के ऐलान पर भाजपा नेता अजय आलोक ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने अरविंद केजरीवाल पर तंज कसते हुए कहा, “अरे कपटीवाल जी, सुनिए… बिहार की सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ने चले हैं, और कहते हैं कि किसी से गठबंधन नहीं करेंगे। दिल्ली और पंजाब में जो हालात हैं, वो कम नहीं थे क्या? दिल्ली में बिहारी और पूर्वांचलियों ने आपको नकार दिया, अब बिहार में भी किस्मत आजमाने चले हैं।”
अजय आलोक ने आगे कहा, “पंजाब को एटीएम बनाकर तीन साल में डेढ़ लाख करोड़ का कर्ज चढ़ा दिया। अब गुजरात, बिहार जैसे राज्यों में चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। देखते हैं बिहार की जनता आपको कितनी राजनीतिक हैसियत और औकात दिखाती है। वेलकम टू बिहार, मिस्टर कपटीवाल।”
साल के अंत में होंगे बिहार विधानसभा चुनाव
गौरतलब है कि बिहार में इसी साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं, और राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो चुकी है। सभी प्रमुख दल अपनी-अपनी रणनीतियों के साथ मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं।
इसी बीच जन सुराज पार्टी को लेकर भी एक अहम अपडेट सामने आया है। चुनाव आयोग ने पार्टी को ‘स्कूल बैग’ चुनाव चिह्न आवंटित किया है। पार्टी के अनुसार, यह प्रतीक शिक्षा और प्रगति का प्रतिनिधित्व करता है और उनकी विचारधारा को दर्शाता है।
जन सुराज पार्टी की स्थापना प्रसिद्ध चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर (पीके) ने की है, जिन्होंने कई बड़े राजनीतिक दलों और नेताओं के लिए चुनावी अभियान की रूपरेखा तैयार की है। अब वह खुद बिहार की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं और अपनी पार्टी को मजबूत विकल्प के रूप में पेश करने में जुटे हैं।






