नई दिल्ली: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी–शरदचंद्र पवार (NCP-SP) की सांसद सुप्रिया सुले ने सोमवार को लोकसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद पीएम मोदी ने विपक्षी नेताओं पर भरोसा जताते हुए उन्हें विदेश जाने वाले प्रतिनिधिमंडलों का नेतृत्व सौंपकर बड़प्पन का परिचय दिया।
तेजस्वी सूर्या के बयान पर दिया करारा जवाब
लोकसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर विशेष चर्चा के दौरान सुप्रिया सुले ने बीजेपी सांसद तेजस्वी सूर्या के उस बयान पर पलटवार किया, जिसमें उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों को राष्ट्रीय सुरक्षा के मसले पर घेरा था। सुले ने कहा, “तेजस्वी सूर्या ने यह कहकर लाखों सैनिकों का अपमान किया है कि कांग्रेस की सरकारों ने सैन्य बलों को समर्थन नहीं दिया। जो इतिहास वह हमें पढ़ा रहे थे, पहले खुद ही ठीक से पढ़ लें।”
देश सर्वोपरि है: सुप्रिया सुले
उन्होंने भारतीय सेना की ऐतिहासिक उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा, “जब देश का सवाल होता है तो सबसे पहले देश आता है, फिर राज्य और अंत में पार्टी।”
सुप्रिया ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह बड़प्पन है कि उन्होंने विपक्ष के नेताओं पर भरोसा दिखाया और उन्हें अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडलों का नेतृत्व सौंपा। यही लोकतंत्र की असली ताकत है।”
विपक्ष ने दिखाया सहयोग
सुप्रिया सुले ने यह भी बताया कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में कांग्रेस ने सबसे पहले मोदी सरकार को समर्थन देने की बात कही थी। उन्होंने कहा, “हमने साफ कर दिया था कि जब तक आतंकवादी पकड़े नहीं जाते, तब तक चैन नहीं मिलेगा और हम पूरी तरह सरकार के साथ खड़े हैं।”






