मालेगांव बम धमाका मामले में अदालत से बरी होने के बाद पूर्व सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने कांग्रेस पर करारा हमला बोला है। उन्होंने इस पूरे मामले को “कांग्रेस की गहरी साज़िश” करार देते हुए कहा, “सत्यमेव जयते… सत्य की हमेशा जीत होती है। ईश्वर ऐसे कुचक्र रचने वालों को दंड जरूर देगा।”
“17 सालों तक झेला कांग्रेस का षड्यंत्र”
साध्वी प्रज्ञा ने कहा, “यह कोई साधारण षड्यंत्र नहीं था, बल्कि कांग्रेस द्वारा रचा गया गहरा कुचक्र था। इसे हमने, देशभक्तों ने, सेना और संतों ने 17 साल तक सहा।” उन्होंने कोर्ट के हालिया फैसले को न्याय की जीत बताया और कहा कि यह स्पष्ट हो गया है कि कोई दोषी नहीं था। उन्होंने मांग की कि जिन्होंने इस केस को “प्लांट” किया, उनकी जांच हो और उन्हें सज़ा मिले।
“हमारा जीवन बर्बाद हो गया”
9 साल जेल में बिताने के दर्द को साझा करते हुए साध्वी बोलीं, “इस दौरान हमें कठोर यातनाएं सहनी पड़ीं। हमारा शरीर आज भी पूरी तरह स्वस्थ नहीं है, अधिकतर समय बिस्तर पर रहना पड़ता है। हमारा जीवन बर्बाद कर दिया गया। ऐसे षड्यंत्र करने वालों को दंड मिलना चाहिए।”
“हिंदुत्व को बदनाम करने की साज़िश”
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने जानबूझकर भगवा और हिंदुत्व को आतंकवाद से जोड़ने की कोशिश की। “उनका मकसद साफ था — सेना, संतों और संघ की छवि खराब करना और उन्हें जेल भिजवाना। इससे कांग्रेस अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करना चाहती थी,” उन्होंने कहा।
दिग्विजय सिंह पर साधा निशाना
जब उनसे कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह को लेकर सवाल पूछा गया, तो साध्वी प्रज्ञा ने तीखी प्रतिक्रिया दी। “मैं उनके बारे में कुछ नहीं कहना चाहती, सिर्फ इतना कहूंगी कि वे दिग्भ्रमित हैं। न उन्हें अपनी दिशा का पता है, न विचार का। उनका नाम लेना भी उचित नहीं समझती।”






