देशभर में लागू हुआ FASTag Annual Pass, पहले दिन लाखों यूजर्स ने कराया एक्टिवेट
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने शुक्रवार, 15 अगस्त से पूरे देश में ‘FASTag Annual Pass’ की शुरुआत कर दी। सरकारी बयान के अनुसार, पहले ही दिन इसे यूजर्स से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली। 15 अगस्त को शाम 4:30 बजे तक लगभग 1.2 लाख वाहन चालकों ने एनुअल पास खरीदा और एक्टिवेट किया। इसी दिन टोल प्लाजा पर करीब 1.24 लाख ट्रांजैक्शन एनुअल पास से दर्ज किए गए।
₹3000 में 1 साल या 200 टोल तक सफर फ्री
यह एनुअल पास ₹3000 की एकमुश्त राशि में उपलब्ध है। पास की वैधता एक साल या अधिकतम 200 टोल पार करने तक रहेगी। इसकी खासियत यह है कि बार-बार रिचार्ज कराने की ज़रूरत नहीं पड़ेगी। हालांकि, यह सुविधा सिर्फ नेशनल हाईवे और एक्सप्रेसवे पर लागू होगी, स्टेट हाईवे पर नहीं।
सिर्फ नॉन-कमर्शियल वाहनों के लिए
एनुअल पास केवल कार, जीप और वैन जैसे नॉन-कमर्शियल वाहनों के लिए मान्य है। इसे एक्टिव करने के लिए लिंक ‘राजमार्ग यात्रा’ ऐप, NHAI और सड़क परिवहन मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। पेमेंट करने के दो घंटे के भीतर पास एक्टिव हो जाता है।
देशभर में 8 करोड़ से ज्यादा FASTag यूजर्स
फिलहाल देश में लगभग 8 करोड़ FASTag यूजर्स हैं और इसकी पहुंच दर 98% तक है। NHAI का कहना है कि एनुअल पास सुविधा से जहां यात्रियों को और अधिक किफायती और परेशानी-मुक्त यात्रा मिलेगी, वहीं हाईवे टोल सिस्टम और भी सुगम होगा।






