संसद का मॉनसून सत्र समाप्त हो गया है, जिसमें विपक्ष के लगातार हंगामे के कारण लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही कई बार बाधित हुई। इस दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्यों के बीच कई बार तीखी बहस भी देखने को मिली। अब सभी राजनीतिक दल 9 सितंबर को होने वाले उपराष्ट्रपति चुनाव की तैयारियों में जुट गए हैं। ऐसे ही राजनीतिक घटनाक्रम के बीच गुरुवार को कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की।
प्रियंका गांधी ने क्या बताया?
प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जानकारी दी कि उन्होंने जेपी नड्डा से वायनाड में कुछ स्वास्थ्य परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने का अनुरोध किया। उन्होंने मनंतवड़ी में मेडिकल कॉलेज की कमी के कारण स्थानीय लोगों को हो रही समस्याओं से भी उन्हें अवगत कराया।
प्रियंका गांधी ने बताया कि उन्होंने वायनाड की आदिवासी आबादी के बेहतर स्वास्थ्य सेवा की आवश्यकता, उनकी विशिष्ट स्वास्थ्य समस्याओं, लंबित राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) फंड्स और क्षेत्र में जानवरों के हमलों के मामलों के लिए विशेष ट्रॉमा सेंटर की जरूरत पर चर्चा की।
इसके अलावा, प्रियंका गांधी ने केरल में एक एम्स की लंबे समय से चली आ रही मांग को भी दोहराया। उन्होंने कहा कि जेपी नड्डा ने उनकी सभी मांगों को सुना और खुलकर चर्चा की। प्रियंका ने उम्मीद जताई कि इन महत्वपूर्ण स्वास्थ्य मुद्दों पर उचित ध्यान दिया जाएगा।






