ग्रेटर नोएडा निक्की हत्याकांड: देवेंद्र का बड़ा खुलासा, कहा– “निक्की ने खुद आग लगाई थी”
ग्रेटर नोएडा में 26 वर्षीय निक्की की संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है। आरोपी पति विपिन के चचेरे भाई देवेंद्र, जो घटना का चश्मदीद भी है, ने पुलिस को चौंकाने वाला बयान दिया है। देवेंद्र ने दावा किया कि निक्की को जलने के बाद वही अस्पताल लेकर गया था और उस दौरान विपिन के माता-पिता भी साथ थे। जबकि निक्की की बहन कंचन और परिवार का कहना है कि पति का परिवार अस्पताल नहीं पहुंचा था।
देवेंद्र का बयान
देवेंद्र के मुताबिक, रास्ते में निक्की बार-बार पानी मांग रही थी। फोर्टिस अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने जब घटना के बारे में पूछा तो निक्की ने खुद बताया कि “रसोई में सिलेंडर फटने से आग लगी”। यही बयान डॉक्टर के रिकॉर्ड में भी दर्ज किया गया। देवेंद्र का कहना है कि अस्पताल का सीसीटीवी फुटेज और रिकॉर्ड निकाला जाए तो सच सामने आ जाएगा।
देवेंद्र का आरोप है कि निक्की ने खुद आग लगाई थी और कंचन व उसके परिवार ने बाद में कहानी बदलकर दहेज हत्या का मामला बना दिया।
घटना के समय कौन था घर पर?
देवेंद्र के अनुसार, घटना के वक्त शाम 5:40 बजे विपिन और उसका बेटा घर के बाहर किराना दुकान पर खड़े थे। घर के अंदर सिर्फ निक्की और कंचन मौजूद थीं। अचानक शोर मचने पर विपिन घर में भागा और फिर बाहर आकर बताया कि निक्की ने खुद को आग लगा ली है।
अस्पताल तक कैसे पहुंची निक्की?
देवेंद्र ने बताया कि वह खुद निक्की को चादर में लपेटकर नीचे लाया और कार चलाकर तेज़ी से फोर्टिस अस्पताल पहुंचा। उस समय गाड़ी में उसके साथ विपिन के पिता सतवीर और मां दयावती भी मौजूद थे। अस्पताल पहुंचने पर निक्की के मायके वाले और पुलिस भी वहां मौजूद थी।
पार्लर और झगड़े की पुरानी कहानी
देवेंद्र ने यह भी खुलासा किया कि फरवरी में निक्की और उसकी बहन कंचन एक मेकअप फंक्शन में गई थीं, जिस पर विपिन और उसके परिवार ने ऐतराज जताया था। इसको लेकर निक्की और विपिन के बीच झगड़ा हुआ था और निक्की ने कैंची से विपिन को चोट भी पहुंचाई थी। कंचन ने उस झगड़े का वीडियो बनाया था, लेकिन देवेंद्र के मुताबिक कंचन ने इसे एडिट कर सोशल मीडिया पर गलत तरीके से पेश किया।
पुलिस को सौंपे गए सबूत
देवेंद्र का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज, ऑडियो रिकॉर्डिंग और वीडियो पुलिस को सौंप दिए गए हैं। उसने आरोप लगाया कि निक्की के मायके वाले झूठ बोल रहे हैं और विपिन के परिवार को फंसाने की साजिश कर रहे हैं। अब पुलिस की जांच से ही सच सामने आएगा।






