लंदन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ब्रिटेन दौरे के दौरान भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपने रिश्तों को लेकर बड़ा बयान दिया। पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने कहा, “मैं भारत और पीएम मोदी के बेहद करीब हूं, हमारे बीच गहरी दोस्ती है।” ट्रंप का यह बयान ऐसे समय में आया है जब उन्होंने यूरोपीय देशों को रूस से तेल खरीदने पर कड़ी आलोचना की।
यूरोप पर निशाना
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर के साथ प्रेस वार्ता में ट्रंप ने कहा कि यूरोपीय देशों द्वारा रूस से तेल खरीदना मॉस्को को अलग-थलग करने की कोशिशों को कमजोर करता है। उन्होंने कहा, “मुझे पता है यूरोप बड़ी मात्रा में रूस से तेल ले रहा है। हाल ही में मैंने पीएम मोदी से बात की और उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। हमारे बीच अच्छे संबंध हैं, लेकिन मैंने भारत पर भी टैरिफ लगाए हैं।”
रूस और चीन पर टिप्पणी
ट्रंप ने आगे कहा कि वर्तमान हालात में चीन भी अमेरिका को भारी-भरकम टैरिफ चुका रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर तेल की कीमतें और कम होती हैं तो रूस आसानी से समझौता कर लेगा।
भारत-अमेरिका व्यापार पर राहत के संकेत
इधर भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक तनाव में नरमी के संकेत भी मिले हैं। भारत के मुख्य आर्थिक सलाहकार वी. अनंत नागेश्वरन ने बताया कि अमेरिका द्वारा कुछ आयातों पर लगाए गए शुल्क 30 नवंबर के बाद वापस लिए जा सकते हैं। इससे दोनों देशों के बीच आर्थिक रिश्तों में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।






