Home » ताजा खबर » ‘भारत अपने फैसले खुद लेने में सक्षम है…’ डोनाल्ड ट्रंप के बयान पर शशि थरूर का करारा जवाब

‘भारत अपने फैसले खुद लेने में सक्षम है…’ डोनाल्ड ट्रंप के बयान पर शशि थरूर का करारा जवाब

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हालिया बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। ट्रंप ने दावा किया था कि भारत जल्द ही रूस से तेल खरीदना बंद कर देगा। इस पर थरूर ने पलटवार करते हुए कहा, “मुझे नहीं लगता कि मिस्टर ट्रंप का भारत के फैसलों पर टिप्पणी करना उचित है। भारत अपने फैसले खुद करेगा और खुद ही दुनिया को बताएगा। हम यह नहीं कहते कि मिस्टर ट्रंप क्या करेंगे, तो उन्हें भी यह नहीं बताना चाहिए कि भारत क्या करेगा।”

थरूर का यह बयान ऐसे समय आया है जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और डोनाल्ड ट्रंप के बीच मंगलवार को फोन पर बातचीत हुई थी।

‘हम मुख्य रूप से व्यापार पर चर्चा कर रहे हैं’
फोन वार्ता के बाद ट्रंप ने व्हाइट हाउस में पत्रकारों से कहा था कि उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से व्यापारिक मुद्दों पर चर्चा की। ट्रंप ने कहा, “हम कई विषयों पर बात कर रहे हैं, लेकिन मुख्य रूप से व्यापार पर। प्रधानमंत्री मोदी इस विषय में बहुत रुचि रखते हैं। हमारे बीच अच्छे संबंध हैं। वह रूस से ज्यादा तेल नहीं खरीदेंगे। उन्होंने पहले ही तेल की खरीद कम कर दी है और इसे और घटा रहे हैं।”

ट्रंप का दोहराया दावा, भारत का खंडन
ट्रंप ने इससे पहले भी दावा किया था कि मोदी ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि भारत रूसी तेल की खरीद बंद करेगा। हालांकि भारत सरकार ने इस तरह की किसी बातचीत से साफ इनकार किया था।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ‘X’ पर ट्रंप को फोन कॉल और दीवाली की शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद देते हुए लिखा, “राष्ट्रपति ट्रंप, आपके गर्मजोशी भरे दीवाली संदेश के लिए धन्यवाद। रोशनी का यह पर्व दोनों महान लोकतंत्रों को एकजुट रखे और आतंकवाद के सभी रूपों के खिलाफ हमारी साझी लड़ाई को और मजबूत करे।”

आधिकारिक बयान में बताया गया कि प्रधानमंत्री मोदी ने भारत-अमेरिका साझेदारी की मज़बूती पर जोर दिया और आतंकवाद से लड़ने तथा वैश्विक सहयोग बढ़ाने की भारत की प्रतिबद्धता को दोहराया।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This