अलीगढ़: उत्तर प्रदेश की अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) एक बार फिर विवादों में है। रविवार शाम एएमयू सिटी स्कूल के 11वीं कक्षा के छात्र प्रशांत राठी पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया। यह घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पुरानी चुंगी स्थित अल्लामा इकबाल हॉल के बाहर की बताई जा रही है।
हमले से मचा हड़कंप
पीड़ित छात्र प्रशांत राठी ने तहरीर में बताया कि वह अपने दोस्त से मिलने जा रहा था, तभी कुछ नामजद और कुछ अज्ञात युवकों ने उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने तमंचे की बट से उसके सिर पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
घायल छात्र अस्पताल में भर्ती
हमले के बाद सोशल मीडिया पर जबरन कलमा पढ़वाने की अफवाह फैल गई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। हालांकि, छात्र की लिखित शिकायत में इस तरह की कोई बात नहीं कही गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, छात्र मीडिया के सामने भी नहीं आया है। घायल छात्र को जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
आरोपियों में एएमयू के छात्र और पूर्व छात्र शामिल
एएमयू प्रॉक्टर प्रोफेसर वसीम अली ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि छात्र की शिकायत पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमले में शामिल कुछ आरोपी एएमयू के वर्तमान छात्र हैं, जबकि कुछ पूर्व छात्र बताए जा रहे हैं।
“जबरन कलमा” की बात निराधार — एएमयू प्रशासन
प्रॉक्टर ने स्पष्ट किया कि “जबरन कलमा पढ़वाने” की खबरें पूरी तरह निराधार हैं। पुलिस ने छात्र की तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है और नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।
दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन
एएमयू प्रशासन ने कहा है कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।






