Home » ताजा खबर » भगदड़ के बाद श्रीकाकुलम के श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में श्रद्धालुओं की एंट्री पर रोक, पुलिस ने संभाली कमान

भगदड़ के बाद श्रीकाकुलम के श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में श्रद्धालुओं की एंट्री पर रोक, पुलिस ने संभाली कमान

आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले में शनिवार को देवोत्थान एकादशी के अवसर पर बड़ा हादसा हो गया। काशीबुग्गा स्थित श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण भगदड़ मच गई, जिसमें नौ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मरने वालों में आठ महिलाएं और एक बच्चा शामिल थे, जबकि कई श्रद्धालु घायल हो गए। कई लोगों को हड्डियां टूटने और सांस लेने में दिक्कत होने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना के बाद रविवार को पुलिस ने सुरक्षा कारणों से मंदिर में श्रद्धालुओं के प्रवेश पर रोक लगा दी है। श्रीकाकुलम के पुलिस अधीक्षक के. वी. महेश्वर रेड्डी ने बताया कि मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम पूरा कर उनके परिजनों को सौंप दिया गया है। गंभीर रूप से घायल दो लोगों की हालत अब स्थिर है, जबकि बाकी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

ग्रिल टूटने से मचा हड़कंप

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब मंदिर का मुख्य द्वार बंद था और दर्शन के लिए अंदर पहुंचे श्रद्धालु ग्रिल टूटने से नीचे खड़े लोगों पर गिर पड़े। इससे अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ में कई लोग दब गए।

बिना अनुमति चल रहा था कार्यक्रम

एसपी महेश्वर रेड्डी ने बताया कि मंदिर प्रबंधन ने कार्यक्रम आयोजित करने से पहले प्रशासन या पुलिस से कोई अनुमति नहीं ली थी, न ही सुरक्षा के लिए आवेदन किया गया था। उन्होंने कहा, “भीड़ प्रबंधन के लिए किसी भी धार्मिक आयोजन से पहले पुलिस को सूचित करना अनिवार्य है।”

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर एक निजी मंदिर है, जो बिना उचित मंजूरी और सुरक्षा मानकों के संचालित किया जा रहा था। सुरक्षा नियमों की अनदेखी ही इस भीषण हादसे की मुख्य वजह बताई जा रही है।

फिलहाल पुलिस ने मंदिर प्रबंधन के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This