आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू जिले में मंगलवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 3.7 दर्ज की गई। हल्के झटके पड़ोसी विशाखापत्तनम (विजाग) जिले में भी महसूस किए गए। अधिकारियों के अनुसार, भूकंप की तीव्रता कम होने के कारण किसी तरह के जान-माल के नुकसान या संपत्ति को क्षति की कोई सूचना नहीं मिली है।
आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एपीएसडीएमए) के मुताबिक, भूकंप सुबह 4:19 बजे आया और इसका केंद्र जमीन से करीब 10 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। अधिकारियों ने बताया कि झटके कुछ ही सेकंड तक महसूस हुए और सौभाग्य से किसी के हताहत होने या नुकसान की खबर नहीं है।
वहीं, कर्नाटक के विजयपुरा जिले में भी मंगलवार सुबह हल्के भूकंप के झटके दर्ज किए गए। कर्नाटक राज्य प्राकृतिक आपदा निगरानी केंद्र (केएसएनडीएमसी) के अनुसार, इस भूकंप की तीव्रता 2.9 मापी गई। यह सुबह 7:49 बजे आया और इसका केंद्र विजयपुरा तालुका के भूतनल टांडा से लगभग 3.6 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में था।
केएसएनडीएमसी की रिपोर्ट के अनुसार, भूकंप का केंद्र सतह से लगभग पांच किलोमीटर नीचे था। बयान में कहा गया, “विजयपुरा जिले में दर्ज यह भूकंप मामूली था और इससे किसी तरह के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है।”






