Home » ताजा खबर » ब्राजीलियाई मॉडल ने राहुल गांधी के दावे पर पहली बार प्रतिक्रिया दी, कहा—“मैं तब छोटी थी, शॉकिंग था”

ब्राजीलियाई मॉडल ने राहुल गांधी के दावे पर पहली बार प्रतिक्रिया दी, कहा—“मैं तब छोटी थी, शॉकिंग था”

ब्राजीलियाई मॉडल लारिसा उस समय चौंक गईं जब उन्हें पता चला कि उनकी तस्वीर का कथित तौर पर हरियाणा की मतदाता सूची में कई बार इस्तेमाल हुआ। यह मामला तब सामने आया जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 2024 के हरियाणा विधानसभा चुनावों में बड़े पैमाने पर वोटर फ्रॉड का आरोप लगाते हुए इस तस्वीर का उदाहरण पेश किया। बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने दावा किया कि हरियाणा में लगभग 25 लाख फर्जी वोट डाले गए। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान एक महिला की तस्वीर सामने आई, जो असल में ब्राजील की मॉडल की थी, और राज्य की वोटर लिस्ट में अलग-अलग नाम जैसे ‘स्वीटी’, ‘सीमा’ और ‘सरस्वती’ के तहत 22 बार दर्ज थी।

लारिसा का पहला रिएक्शन
इस खुलासे के बाद लारिसा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वीडियो जारी किया। वीडियो में उन्होंने पुर्तगाली में हैरानी और मजाकिया अंदाज में प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “दोस्तों, यह बहुत पागलपन है! मेरी पुरानी तस्वीर का इस्तेमाल भारत में वोट डालने के लिए हो रहा है। जब ये तस्वीर ली गई थी, मैं छोटी थी, और अब वही तस्वीर किसी भारतीय मतदाता के रूप में इस्तेमाल हो रही है। लोग मेरी तस्वीर पर बहस कर रहे हैं, यह तो अविश्वसनीय है।”

लारिसा ने आगे बताया कि एक पत्रकार ने उनके कार्यस्थल से संपर्क किया और भारत के चुनावों में उनकी कथित भागीदारी पर टिप्पणी मांगी। उन्होंने इस पूरे मामले को अजीबोगरीब और अविश्वसनीय बताया और कहा, “मेरे एक दोस्त ने मुझे और तस्वीरें भेजी हैं। आप यकीन नहीं करेंगे कि उन्होंने मेरे साथ क्या किया है!” उनका यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया। एआई असिस्टेंट Grok ने उनके वीडियो का अनुवाद करते हुए कहा कि लारिसा इस पूरे मामले से हैरान हैं और तस्वीर के गलत इस्तेमाल का खंडन करती हैं।

राहुल गांधी का दावा
राहुल गांधी ने इस मुद्दे को गंभीरता से उठाते हुए भाजपा और चुनाव आयोग पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हरियाणा के विधानसभा चुनाव में व्यवस्थित तरीके से हेरफेर किया गया, जिससे कांग्रेस की संभावित जीत हार में बदल गई। 5 नवंबर को नई दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा, “हमारे पास ठोस सबूत हैं कि हरियाणा में वोटिंग प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी हुई। राज्य में लगभग हर आठवां मतदाता फर्जी है। कुल दो करोड़ वोटरों में से 25 लाख फर्जी हैं।”

गांधी ने आगे दावा किया कि लगभग 5.21 लाख वोटर एंट्रीज़ संदिग्ध पाई गईं, जिनमें कई जगह एक ही तस्वीर अलग-अलग नामों के साथ इस्तेमाल हुई। उन्होंने कहा, “यह सिर्फ तकनीकी गलती नहीं है, यह सुनियोजित धोखाधड़ी है।” इस विवाद ने हरियाणा की राजनीति में हलचल मचा दी है और देशभर में चर्चा का विषय बन गया। विदेशी मॉडल की पुरानी तस्वीर का बार-बार भारतीय मतदाता सूची में इस्तेमाल होने का मामला सुर्खियों में है।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This